Paresh-Rawal-to-feature-in-Salman-Khan-starrer-Tiger-Zinda-Hai

जब से मंझे हुए कलाकार परेश रावल ने बॉलीवुड में कदम रखा है, तब से वह हर रूप में अपने अभिनय की छाप दर्शकों पर छोड़ने में कामयाब रहे हैं । अपने शुरूआती दिनों में परेश ने काफ़ी लंबे समय तक नेगेटिव किरदार निभाए थे । और थिएटर के दिनों में उन्होंने कई सारे प्रयोगात्मक किरदार भी किए । इसके बाद परेश रावल ने अपने कॉमिक अंदाज से लोगों को अपना दीवाना बना दिया । हेरा फेरी, रेडी, ओह माय गॉड, जदाई, मुंबई मेरी जान जैसी फिल्मों में परेश रावल की अदायगी आज भी यादगार है ।

परेश रावल के बारें में लेटेस्ट खबर ये है कि परेश को यशराज फ़िल्म्स की आगामी जासूसी ड्रामा फ़िल्म टाइगर जिंदा है में एक महत्वपूर्ण रोल के लिए चुना गया है । आपको बता दें कि यशराज के साथ यह परेश रावल की पहली फ़िल्म होगी । जो लोग जानते हैं वे कहते हैं, फ़िल्म में परेश रावल का रोल बहुत खास होगा और फ़िल्म में परेश की ऐसी भूमिका में हैं, जो इस अभिनेता ने पहले कभी नहीं निभाई है ।

इस फ़िल्म में परेश रावल की एंट्री के बारें में बात करते हुए टाइगर जिंदा है के निर्देशक अली अब्बास जफ़र ने कहा कि , "मैं हमेशा उनके काम का प्रशंसक रहा हूं और जिस तरह से वह अपने किरदार में जान डालते वह बेहतरीन है । मैं लकी हूं कि मैं उस प्रोजेक्ट का हिस्सा हूं जो यश राज फिल्म्स के साथ परेश रावल की पहली फिल्म है । ”

अली अब्बास जफ़र के निर्देशन में बनने वाली फ़िल्म टाइगर जिंदा है को यशराज फ़िल्म्स द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा । सलमान खान-कैटरीना कैफ़ अभिनीत फ़िल्म इसी साल 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।