करीब दो दशक से, काले हिरण के शिकार करने के मामले में मुख्य आरोपी सलमान खान पर जोधपुर अदालत में केस चल रहा है, इस मामले में अभी तक कोई फ़ैसला नहीं आया है । अब इस केस में एक और नया नाम जोड़ा गया है और वो है सोहा अली खान का ।

सोहा अली खान, जिसने साल 2015 में अपने लिव-इन पार्टनर और सह-कलाकार कुणाल खेमु से शादी रचाई । हाल ही में इस जोड़ी ने ऐलान किया कि ये बहुत जल्द माता-पिता बनने वाले हैं । इस खुशखबरी केबीच अब खबर आ रही है सोहा अली खान का नाम काले हिरण के शिकार में खींचा जा रहा है ।

ठंडे बस्ते में जा चुके आर्म्स लाइसेंस के एक मामले में अचानक जांच और केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं और फ़िर एक बार ये मामला तूल पकड़ रहा है । दरअसल, सोहा को 1996 में आर्म्स लाइसेंस जारी किया गया था, उस वक्त उनकी उम्र 18 साल 1 महीना थी । जबकि लाइसेंस के लिए 21 साल की उम्र अनिवार्य है । तो इस तरह से अवैध हुआ । इसलिए एक एक्टिविस्ट नरेश कुमार कादिया ने सोहा के खिलाफ इन आरोपों को दर्ज करते हुए लोकायुक्त से मामले की जांच के लिए अनुरोध किया । इसके बाद लोकायुक्त एन के अग्रवाल ने अब गुरुग्राम पुलिस को सोहा अली खान के हथियार लाइसेंस के बारे में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है ।

जाहिरतौर पर सोहा के नाम के तहत लाइसेंस प्राप्त हथियार काले हिरण शिकार मामले में शामिल पाया गया है । हालिया खबरों के मुताबिक, इस साल 10 मार्च को लोकयुक्त को सौंपी गई एक रिपोर्ट बताती है कि सोहा अली खान ने कथित तौर पर हथियार लाइसेंस प्राप्त करते समय अपनी उम्र छुपाई थी, जो भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत दंडनीय अपराध करता है ।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सलमान खान और उनके सह-कलाकार, जिसमें सोहा अली

खान के भाई सैफ़ अली खान भी शामिल थे, पर 1998 में जब जोधपुर में उनकी फ़िल्म हम साथ साथ हैं की शूटिंग चल रही थी, उस समय शिकार के दौरान काले हिरण को मारने का आरोप लगाया गया था । अभी तक इस मामले में कोई फ़ैसला नहीं आया है, लेकिन इस साल की शुरूआत में इस केस में सलमान खान को एक केस में बरी कर दिया गया था ।