अभी सिर्फ़ एक हफ़्ता ही शुरु हुआ था जब शाहरुख खान ने फ़िल्ममेकर आनंद एल राय की आगामी फ़िल्म, जिसमें शाहरुख बौने का किरदार निभा रहे हैं, की शूटिंग शुरू की थी । फ़िल्म का भव्य सेट मुंबई में स्थित फ़िल्म सिटी में लगाया गया लेकिन हाल ही में उस सेट पर एक हादसा हो गया जिसकी वजह से फ़िल्म की शूटिंग रुक गई ।

रविवार के दिन, 28 मई को जहां फ़िल्म की शूटिंग हो रही थी उस सेट की एक सीढ़ी के खिसक जाने से हादसा हो गया । छत का काफी बड़ा हिस्सा गिरा जिसकी वजह से दो क्रू मेंबर घायल हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और फ़िर इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया । जब ये हादसा हुआ उस दौरान आनंद सेट पर ही मौजूद थे ।

जब ये हादसा हुआ उस दौरान इत्तेफाक से शाहरुख खान सेट पर दूसरी तरफ बैठे थे और सभी लोगों ने राहत की सांस ली कि शाहरुख को कुछ नहीं हुआ । बहरहाल जब से ये हादसा हुआ है तब से फ़िल्म की शूटिंग दो दिन के लिए रोक दी गई है । अब ये अगले हफ़्ते करने पर विचार किया जा रहा है । फ़िल्म के प्रवक्ता ने बताया कि क्लाउडी बादल की वजह से कुछ सीन शूट नहीं किए जा सकते इसलिए शूटिंग रोक दी गई है ।

आपको बता दें कि फ़िल्म के सेट को पूरी तरह से सुरक्षा के दायरे में रखा गया है ताकि शाहरुख खान के बौने वाला रूप लीक न हो जाए । फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री अभी तक फ़ाइनल नहीं की गई है । ऐसा पहलीबार होगा जब आनंद एल राय और शाहरुख खान एक साथ एक फ़िल्म के लिए काम करेंगे ।