पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम और अक्षय कुमार की हालिया रिलीज फ़िल्म ओह माय गॉड 2 बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है । गदर 2 से बॉक्स ऑफिस मुक़ाबले और एडल्ट सर्टिफिकेट मिलने के बावजूद ओह माय गॉड 2 दर्शक जुटाने में कामयाब हो रही है । हालाँकि ओह माय गॉड 2 में अक्षय कुमार ने एक फ़ुल फ़्लैज़्ड रोल नहीं बल्कि भगवान शिव के दूत के रूप में एक विस्तारित कैमियो किया है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पंकज त्रिपाठी के साथ-साथ फ़िल्म की पूरी लाइम लाइट चुरा ली । इसी बीच कुछ खबरें आ रहीं हैं जिसमें कहा जा रहा है कि ओह माय गॉड 2 अभी अपने बजट को भी वसूल नहीं पाई है क्योंकि अक्षय कुमार की भारी-भरकम फ़ीस के चलते फ़िल्म का बजट ओवर चला गया था । लेकिन अब फ़ाइनली ओह माय गॉड 2 के प्रोड्यूसर अजित अंधारे ने फ़िल्म के बजट और अक्षय की फ़ीस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है ।

ओह माय गॉड 2 के लिए अक्षय कुमार ने नहीं ली कोई फ़ीस
OMG 2 के प्रोड्यूसर ने सोशल मीडिया पर तैर रहे उन दावों पर रिएक्ट किया, जिनमें कहा जा रहा था कि अक्षय ने 35 करोड़ रुपये की फीस ली है, और फिल्म का बजट 150 करोड़ रुपये है । अजित अंधारे ने पिंकविला से बातचीत में बताया कि अक्षय ने OMG 2 के लिए एक रुपया भी नहीं लिया है । बल्कि इस फिल्म को बनाने में जो आर्थिक और क्रिएटिव लेवल पर रिस्क था, उसमें एक्टर फिल्म के मेकर्स के साथ खड़े रहे । अजित ने कहा, “हमारा और अक्षय का एक साथ लंबा असोसिएशन और आपसी समझ रही है । ओएमजी, स्पेशल 26 और टॉयलेट: एक प्रेम कथा के वक्त से एक-दूसरे को समझते हैं । मैं ऐसी स्क्रिप्ट के लिए अक्षय के साथ हमेशा से खड़ा रहा हूं, जो एकदम हटकर हैं, पर बड़ी हैं और मीनिंगफुल भी हैं । अक्षय बिना यह रिस्क ले पाना असंभव था । वह इस फिल्म (OMG 2) में फाइनैंशियली और क्रिएटिवली एक्टिव रूप से जुड़े रहे ।”
अजित ने यह भी कहा कि ओएमजी 2 का बजट 150 करोड़ रुपये नहीं है । अमित राय के निर्देशन में बनी OMG 2, इस 11 अगस्त को सनी देओल स्टारर गदर 2 के साथ रिलीज हुई थी । गदर 2 की ताबड़तोड़ कमाई और उसकी सुनामी के बीच OMG 2 डटकर खड़ी है, और अच्छा कमा रही है । रिलीज के छह दिनों में इस फिल्म ने भारत में अब तक कुल 85.05 करोड़ रुपये कमा लिए हैं । OMG 2 चाइल्ड सेक्स एजुकेशन के मुद्दे पर बेस्ड है ।
















