खोसला का घोसला फेम बॉलीवुड एक्टर प्रवीण डबास एक कार एक्सीडेंट में घायल हो गए हैं । कार दुर्घटना के बाद उन्हें फ़ौरन मुंबई के बांद्रा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है । मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो डॉक्टर्स ने एक्टर के सभी टेस्ट कर लिए हैं और उनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं । 50 साल के प्रवीण डबास फ़िलहाल आईसीयू में हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं।

खोसला का घोसला फेम प्रवीण डबास कार एक्सीडेंट में हुए घायल ; पत्नी प्रीति झांगियानी ने दी हेल्थ अपडेट – “मॉनिटरिंग के लिए ICU में किया शिफ्ट”

प्रवीण डबास कार एक्सीडेंट में हुए घायल

रिपोर्ट्स की मानें तो, प्रवीण डबास की हालत काफी नाज़ुक बताई जा रही है । हादसे के वक्त प्रवीण खुद ही कार चला रहे थे । बताया जा रहा है कि प्रवीण की पत्नी प्रीति झांगियानी फिलहाल उनके साथ ही अस्पताल में हैं । प्रवीण डबास की पत्नी प्रीति झिंगियानी ने एबीपी न्यूज को दिए बयान में बताया, “मैं और मेरा परिवार इस घटना के बाद काफी डरे हुए हैं । मेडिकल अपडेट के मुताबिक, उन्हें सीरियस कंसशन (सिर पर चोट लगने के बाद) है । ये जानने के लिए कहीं उन्हें और अधिक डैमेज तो नहीं हुआ है, डॉक्टर सीटी स्कैन और भी कई ट्रीटमेंट कर रहे हैं । फिलहाल उनके बारे में ज्यादा बताया नहीं गया है । इस (हादसे से पहले) रात को लीग के वर्कलोड के चलते काफी बिजी थे । सुबह कार चलाते वक्त ये हादसा हुआ है ।”

बता दें कि प्रवीण अब तक दिल्लगी, मॉनसून वेडिंग, खोसला का घोंसला, द हीरो: लव स्टोरी ऑफ़ अ स्पाई, मैंने गांधी को नहीं मारा, ये है जिंदगी, कुछ मीठा हो जाए, इंदु सरकार, माई नेम इस खान, रागिनी MMS 2, जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं । प्रवीण हाल ही में प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुई फ़िल्म‌ शर्मा जी की बेटी में भी दिखाई दिये थे । साल 2011 में उन्होंने फ़िल्म सही बंदे, गलत धंधे नामक फिल्म का निर्देशन भी किया था ।

प्रवीण की पत्नी प्रीती झांगियानी ने आदित्य चोपड़ा की फ़िल्म‌ मोहब्बतें (2008) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और कई फ़िल्मों में काम करने के बाद साल 2008 में प्रवीण से शादी कर ली थी । इस जोड़ी के दो बेटे है ।

साल 2020 में प्रवीण दाबास ने भारत में प्रो-पंजा लीग टूर्नामेंट भी लॉन्च किया था और लॉन्च के मौके पर खेल मंत्री किरण रिजूजु और बॉक्सर विजेंदर सिंह भी मौजूद थे । प्रवीण के एक्सीडेंट की जानकारी प्रो पंजा लीग ने एक स्टेटमेंट जारी कर दी । एक्टर इस प्रोफेशनल आर्म रेस्लिंग लीग के को-फाउंडर भी हैं । प्रो पंजा लीग ने लिखा, “यह बताते हुए दुख हो रहा है कि प्रवीण डबास, प्रो पंजा लीग के को-फाउंडर इस वक्त बांद्रा के होली फैमिली हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती हैं । शनिवार सुबह हुए कार एक्सीडेंट के बाद उन्हें यहां भर्ती करवाया गया है । फिलहाल वो डॉक्टर्स की देख रेख में हैं । यह उनके और उनके परिवार के लिए मुश्किल वक्त हैं और हम उनके साथ खड़े हुए हैं ।”