सनी देओल, दुलकर सलमान, पूजा भट्ट, श्रेया धनवंतरी और अमिताभ बच्चन के साथ लेखक और निर्देशक आर बाल्की की आगामी थ्रिलर फ़िल्म शुरूआत से ही चर्चा में बनी हुई है । हालांकि फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है लेकिन मेकर्स ने अभी तक फ़िल्म के नाम से पर्दा नहीं हटाया है । ऐसे में दर्शकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए आर बाल्की ने फ़िल्म के पहले मोशन पोस्टर और नाम का खुलासा करने का फ़ैसला कर लिया है ।

आर बाल्की की सनी देओल स्टारर थ्रिलर फ़िल्म
आर बाल्की अपनी मल्टीस्टारर थ्रिलर फ़िल्म के नाम और मोशन पोस्टर को आइकॉनिक लेजेंड गुरु दत्त की पुण्यतिथि पर अनावरण करने के लिए तैयार हैं ।
इस डेवेलपमेंट के बारे में एक करीबी सूत्र ने खुलासा किया, “आर बाल्की ने 10 अक्टूबर को अपनी नई फिल्म के मोशन पोस्टर और शीर्षक की घोषणा करने का फैसला किया है, जो गुरु दत्त की पुण्यतिथि भी है । वह उस दिन कैमरे के पीछे और सामने सबसे महान और ओरिजनल कलाकारों में से एक को श्रद्धांजलि के रूप में फिल्म की घोषणा करेंगे ।”
यह फिल्म आर बाल्की के लिए इस जॉनर की पहली फिल्म होगी । बता दें कि, इससे पहले आर बाल्की ने अक्षय कुमार अभिनीत पैडमेन डायरेक्ट की थी । यह फ़िल्म अरुणाचलम मुरुगनाथम की बायोपिक फ़िल्म थी ।
















