पाकिस्तान में फ़ल-फ़ूल रहे आतंकवाद के खिलाफ़ भारत के मिशन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है । भारतीय सेना के इस मिशन की हर जगह सराहना हो रही है वहीं बॉलीवुड में भी इस टाइटल को अपने नाम करने की होड़ मची हुई है । बॉर्डर, शेरशाह से लेकर उरी- द सर्जिकल स्टाइक तक देशभक्ति पर बेस्ड बनी फ़िल्मों को दर्शकों से बेशुमार प्यार मिला इसलिए बॉलीवुड फ़िल्ममेकर्स ‘ऑपरेशन सिंदूर’ टाइटल को रजिस्टर करने के रेस में शामिल हो गए । और फ़ाइनली ‘ऑपरेशन सिंदूर’ टाइटल निक्की विक्की भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर अपने नाम करने में सफ़ल हुए हैं ।

ऑपरेशन सिंदूर फ़िल्म हुई अनाउंस
एक तरफ़ जहां भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति है वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड में इस ऑपरेशन पर फिल्म बनाने की होड़ मची हुई है । कई फिल्म निर्माताओं ने ऑपरेशन सिंदूर टाइटल रजिस्टर कराने के लिए आवेदन किया जिसे पाने में प्रोडक्शन हाउस- निक्की विक्की भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर सफ़ल हुए । इतना ही नहीं दोनों प्रोडक्शन हाउस ने मिलकर फिल्म ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा भी कर दी गई है । इसके साथ ही मेकर्स द्वारा एआई जनरेटेड पोस्टर भी रिलीज किया है, जिसमें एक महिला सैनिक वर्दी में नजर आ रही है । पोस्टर में वह अपने बालों में सिंदूर लगाती दिख रही है । बैकग्राउंड में टैंक, कांटेदार तार और ऊपर से उड़ते लड़ाकू जेट जैसे सीन देखे जा सकते हैं । फिल्म के कलाकारों की घोषणा अभी बाकी है. इस प्रोजेक्ट का निर्देशन उत्तम माहेश्वरी करेंगे ।
ऑपरेशन सिंदूर फ़िल्म के अनाउंसमेंट के साथ सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा करने वाले प्रोड्यूसर्स को लताड़ना शुरू कर दिया, जिसके बाद उन्हें आधिकारिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी ।

निकी और विक्की भगनानी ने इससे पहले सोनाक्षी सिन्हा अभिनीत मनोवैज्ञानिक थ्रिलर निकिता रॉय का निर्माण किया था, जो 30 मई को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है । कुश एस सिन्हा द्वारा निर्देशित यह फिल्म रहस्यवाद और मनोवैज्ञानिक तनाव पर आधारित है, जिसमें अर्जुन रामपाल, परेश रावल और सुहैल नैयर प्रमुख भूमिकाओं में हैं ।
















