
बॉलीवुड की 'हवा हवाई' श्रीदेवी को साल 2017 में फ़िल्म इंडस्ट्री में पूरे 50 साल हो जाएंगे । और श्रीदेवी के सिनेमा में 50 साल होने का जश्न मनाएंगे उनके पति बोनी कपूर, वो भी एक अलग अंदाज में । जी हां, बोनी कपूर अपनी आगामी फ़िल्म मॉम जिसमें उनकी पत्नी श्रीदेवी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, को साल 2017 में रिलीज करेंगे जब हिंदी सिनेमा में श्रीदेवी के 50 साल पूरे होंगे ।
दरअसल श्रीदेवी अभिनीत फ़िल्म मॉम पहले 2016 में ही रिलीज होने वाली थी लेकिन सिनेमा क्षेत्र में श्रीदेवी के करियर के 50 वर्ष के उपलक्ष्य में अब इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है । करीबी सूत्रों के मुताबिक, “हमने हाल ही में इस फ़िल्म का एक और गाना पूरा किया है । हम मॉम को साल 2016 में रिलीज कर चुके होते । लेकिन तभी, हमें महसूस हुआ कि श्रीदेवी साल 2017 में सिनेमा में अपने 50 साल पूरे करने वाली हैं । क्या आपको विश्वास होगा ? उन्होंने कैमरे का सामना तब किया था जब वह छोटी बच्ची थीं । जब लोग हमें यह कहते हैं कि श्री देवी को सिनेमा इंडस्ट्री में 50 साल होने जा रहे हैं तब हमने ये महसूस किया वरना इससे पहले कभी ऐसा नहीं लगा, सच में समय कितनी जल्दी निकल गया और तब हमें लगा कि यह वाकई बहुत खास पल है ।”
















