SHOCKING Shah Rukh Khan's Raees lands in a new controversy

एक तरफ़ तो शाहरुख खान अपनी आगामी फ़िल्म रईस की रिलीज की तैयारियों में जुटे हुए हैं वहीं दूसरी तरफ़ ये फ़िल्म एक नए विवाद में फ़ंस गई है । वैसे तो रईस 25 जनवरी, 2017 को रिलीज हो रही है, लेकिन इससे जुड़े विवाद हैं कि थमने का नाम नहीं ले रहे । फ़िल्म का विवाद में फ़ंसने का मूल कारण पकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान का फ़िल्म में होना तो हैं ही । लेकिन इसके साथ-साथ कुछ और भी है ।

फ़िल्म के ट्रेलर रिलीज होने से पहले रईस कई तरह से खबरों में आई जैसे इसका ह्रितिक रोशन की फ़िल्म काबिल से टकराना और जिसकी वजह से फ़िल्म की निर्धारित रिलीज डेट को एक दिन पहले कर लेना आदि ताकी बॉक्सऑफ़िस पर एक बड़े टकराव से बचा जा सके । लेकिन इसके बावजूद भी ये फ़िल्म बॉक्सऑफ़िस पर काबिल से टकराएगी ।

हाल ही में रईस जिस नए विवाद में फ़ंसी है वो है शिया समुदाय के प्रमुखों द्दारा फ़िल्म के एक सीन पर आपत्ती जताना । दरअसल, फिल्म में शिया समुदाय के पवित्र अलम-ए-मुबारक के जुलूस के ऊपर से शाहरुख को कूदते हुए दिखाया गया है । ट्रेलर आने के बाद से फिल्म का ये विवादित दृश्य काफी चर्चा में आ गया है । इस मामले में शाहरुख खान के अलावा फिल्म निर्माता गौरी खान, फरहान अख्तर, रितेश सिंघवानी, निर्देशक राहुल ढोलकिया और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पहलाज निहलानी के खिलाफ आरोप दर्ज किए गए हैं । इन पर आरोप है कि इनकी फिल्म के एक दृश्य से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है । यूपी के जौनपुर में ये केस दर्ज कराया गया है । कोर्ट ने शिकायत दर्ज करते हुए 19 दिसम्बर तक सबको तलब किया है । गौरतलब है कि इस मुद्दे के सामने आने के बाद रेड रिलीज ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज किए ट्रेलर में भी उस सीन को डिलीट कर दिया, जिस पर विवाद उठ रहा है । शिया कम्युनिटी का कहना है कि उन्हें इस बारे में निर्माताओं ने कुछ भी नहीं बताया ।

Shah-Rukh-Khan-1

ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास का कहना है, "हमने भारत

में रहने वाले लाखों शियाओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म के निर्माताओं से इस सीन को डिलीट करने को कहा है । यह सीन बिना किसी को जानकारी दिए शूट किया गया है । अलम-ए-मुबारक के जुलूस के ऊपर से कूदना बेहद अपमानजनक है । हम अब निर्माताओं के जवाब का इंतजार कर रहे हैं ।"

मौलाना आजाद माइनॉरिटीज फाइनेंशियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरपर्सन जावेद आर. श्रॉफ का कहना है, "मैंने इस मुद्दे पर सांसद राजीव शुक्ला से बात की । उनसे कहा है कि वे शाहरुख से बात करें और फिल्म से सीन हटाने को कहें । शाहरुख और उनके बीच गहरी मित्रता है । हमने मुंबई पुलिस को भी इंडियन शिया मुस्लिम की ओर से जताई आपत्ति से वाकिफ कराया है ।"

बहरहाल शाहरुख खान और रईस के निर्माताओं से अनुरोध किया गया है कि वे सभी दृश्यों को फ़िल्म से हटा लें जिनसे किसी की भी धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का अपमान हो रहा है । इसी के साथ उन्होंने यह भी सूचित किया है कि यदि उनके अनुरोध का पालन नहीं किया गया तो वे इसके खिलाफ़ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे ।

राहुल ढोलकिया द्वारा निर्देशित, रईस में पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी नजर आएंगे और यह फ़िल्म 25 जनवरी, 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।