सलमान खान की टाइगर फ़्रेंचाइज़ी की शुरुआत करने वाले डायरेक्टर कबीर खान ने भारतीय सिनेमा को कई हिट फ़िल्में दी हैं । जिसमें से कबीर खान की सलमान खान के साथ एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों में शुमार है । हालाँकि कबीर खान की सलमान के साथ पिछली फ़िल्म ट्यूबलाइट बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई जिसके बाद इस जोड़ी ने साथ काम नहीं किया । लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली पता चला है कि, कबीर खान और सलमान खान की ये हिट जोड़ी एक बार फिर एक फ़िल्म के लिए साथ आ रही है ।

सलमान खान के साथ फ़िल्म बनाएंगे कबीर खान
हमारे विश्वस्त सूत्रों ने ये कन्फर्म किया है कि, कबीर ने सलमान को एक ऐसी स्क्रिप्ट दी है जो उनके दिल के करीब है । सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “कबीर को लगता है कि यह किरदार सलमान के अलावा किसी और के लिए परफ़ेक्ट नहीं है । हालाँकि कबीर खान को लीड रोल के लिए कई और स्टार्स के नामों को लेने का दबाव बनाया जा रहा है लेकिन कबीर इस बात पर अड़े हैं कि इस फिल्म के लिए सलमान ही उनकी पहली पसंद हैं ।”
कबीर पहले ही सलमान से कई बार मिल चुके हैं और इस महीने और मुलाकातें होने की उम्मीद है । सूत्र ने हमें बताया, “सलमान को भी कबीर खान की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई है । स्क्रिप्ट का नाम बब्बर शेर है और अगर सलमान फिल्म करने के लिए सहमत होते हैं, तो यह, एक था टाइगर, बजरंगी भाईजान और ट्यूबलाइट के बाद सलमान और कबीर की साथ में चौथी फ़िल्म होगी ।”
बता दें, सलमान और कबीर इस फ़िल्म के लिए नवंबर और दिसंबर के महीने में एक दूसरे से मुलाक़ात कर चुके हैं । कबीर ने सलमान से जनवरी के अंत तक पूरी स्क्रिप्ट के साथ वापस आने का वादा किया है । इस पर अंतिम निर्णय अगले 45 दिनों में सलमान और कबीर दोनों द्वारा लिए जाने की उम्मीद है, लेकिन हमें पुनर्मिलन की उम्मीद है क्योंकि सलमान और कबीर निश्चित रूप से एक अपराजेय कॉम्बो बनाएंगे ।
















