द फैमिली मैन के बहुप्रतीक्षित तीसरे सीजन में मनोज बाजपेयी देसी जेम्स बॉन्ड श्रीकांत तिवारी के रूप में वापस एक्शन में आने के लिए तैयार हैं । मनोज बाजपेयी की सबसे चर्चित और पसंद की जाने वाली वेब सीरिज, द फैमिली मैन के अब तक दो सीजन आ चुके हैं और अब सभी को इसके तीसरे सीजन का इंतज़ार है । राज निदिमोरु और कृष्णा डीके उर्फ़ राज एंड डीके के निर्देशन में बनी द फैमिली मैन के तीसरे सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है और मेकर्स इसे जल्द से जल्द पूरा करके रिलीज करने की तैयारी शुरू करेंगे । लेकिन इसी बीच खबर आ रही है कि मेकर्स ने द फैमिली मैन 3 के साथ इसके चौथे पार्ट की प्लानिंग भी कर ली है और इतना ही नहीं, मेकर्स चौथे सीजन के साथ इसे खत्म करने की प्लानिंग भी कर रहे हैं ।

मनोज बाजपेयी की वेब सीरिज द फैमिली मैन सीजन 4 के साथ हो जाएगी ख़त्म ; सीजन 3 की शूटिंग के बीच मेकर्स ने की प्लानिंग ?

मनोज बाजपेयी की वेब सीरिज द फैमिली मैन

मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, “द फैमिली मैन 3 की शूटिंग चल रही है । इसी बीच निर्माता राज और डीके पहले से ही चौथे और अंतिम सीजन पर विचार कर रहे हैं ।” अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, “तीसरे सीजन की शूटिंग चल रही है और टीम में हर कोई इस बात को लेकर उत्साहित है कि यह कैसे आकार ले रहा है । इसके साथ ही सीरीज को चौथे संस्करण के साथ साइन करने की भी चर्चा चल रही है । राज-डीके इस समय इस पर विचार कर रहे हैं और अभी अंतिम निर्णय लेना बाकी है ।”

द फैमिली मैन की बार करें तो, 2019 में शुरू हुई इस वेब सीरिज में प्रियामणि ने मनोज बाजपेयी की पत्नी का किरदार निभाया था, जबकि शारिब हाशमी ने मनोज बाजपेयी के साथी की भूमिका निभाई है । दूसरे सीजन में सामंथा रुथ प्रभु ने धमाकेदार शुरुआत की । और अब उम्मीद जताई जा रही है कि, द फैमिली मैन सीजन 3 में कई कलाकारों की वापसी होगी, जिनमें सुचित्रा तिवारी के रोल में प्रियामणि, जेके तलपड़े के रोल में शारिब हाशमी, धृति तिवारी के रोल में अश्लेषा ठाकुर और अथर्व तिवारी के रोल में वेदांत सिन्हा शामिल हैं । राज-डीके की बनाई गई यह सीरीज, एक साधारण जासूस की कहानी बताने के लिए कॉमेडी और स्पाई थ्रिलर को जोड़ती है ।