फिल्ममेकर मधुर भंडारकर, जिन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार और पद्मश्री से नवाज़ा जा चुका है, अपनी नई फिल्म द वाइव्स के जरिए एक बार फिर समाज की चमक-दमक के पीछे छिपी सच्चाइयों को बड़े पर्दे पर पेश करने के लिए तैयार हैं । बॉलीवुड की स्टार पत्नियों की जिंदगी पर आधारित मधुर भंडारकर की नई फ़िल्म द वाइव्स की शूटिंग आज से मुंबई में शुरू हो चुकी है ।

फिल्म द वाइव्स की शूटिंग मुंबई में आज से शुरू
फिल्म में सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय, रेजिना कैसेंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारूवाला अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। द वाइव्स बॉलीवुड की स्टार पत्नियों की ज़िंदगी पर केंद्रित है—एक ऐसी दुनिया जिसे अक्सर ग्लैमर के पर्दे में ढका जाता है, लेकिन जिसके पीछे कई रहस्य, संघर्ष और सामाजिक जटिलताएं छिपी होती हैं।
फिल्म के विषय पर बात करते हुए मधुर भंडारकर ने कहा, “द वाइव्स के जरिए मैं समाज की एक और चमकदार परत को हटाकर उसकी असलियत दिखाना चाहता हूं। यह फिल्म उन महिलाओं की आवाज़ बनेगी जिन्हें अक्सर दिखाया तो जाता है, लेकिन सुना नहीं जाता।”
भंडारकर इससे पहले चांदनी बार, पेज 3, फैशन, हीरोइन और ट्रैफिक सिग्नल जैसी चर्चित फिल्मों में समाज के अनदेखे पहलुओं को सामने ला चुके हैं। द वाइव्स में वह फिल्म इंडस्ट्री की ऊपरी चमक-दमक के पीछे छिपी भावनात्मक और सामाजिक सच्चाइयों को उजागर करेंगे।
यह फिल्म भंडारकर एंटरटेनमेंट और पी जे मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है। यह निर्माता प्रणव जैन और मधुर भंडारकर की दूसरी साझेदारी है। इससे पहले दोनों ने साथ मिलकर इंडिया लॉकडाउन बनाई थी, जिसे ओटीटी पर काफ़ी पसंद किया गया था ।
प्रणव जैन ने कहा, “मधुर सर के साथ दोबारा काम करना बेहद रोमांचक है। उनकी कहानियां न सिर्फ मनोरंजक होती हैं बल्कि सोचने पर मजबूर भी करती हैं। द वाइव्स एक आंखें खोलने वाला प्रोजेक्ट साबित होगा।”
फिल्म की रिलीज़ डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसके विषय को लेकर पहले ही दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री में उत्सुकता का माहौल बन चुका है।
















