ब्रह्मास्त्र जैसी हिट फ़िल्म देने के बाद अब रणबीर कपूर फ़िल्ममेकर लव रंजन की रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा में लीड रोल में नज़र आएंगे । इस फ़िल्म में रणबीर कपूर के साथ श्रद्धा कपूर नज़र आएंगी । लव रंजन की इस फ़िल्म में रणबीर और श्रद्धा की फ़्रेश जोड़ी देखने को मिलेगी । बीते हफ़्ते ही इस फ़िल्म को लेकर खबर आई थी लव रंजन अपनी इस फ़िल्म के टाइटल को अनाउंस करने की तैयारी कर रहे हैं । खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि रणबीर और श्रद्धा की इस फ़िल्म के टाइटल अनाउंसमेंट वीडियो को इस हफ़्ते रिलीज़ होने वाली हॉलीवुड फ़िल्म अवतार के साथ अटैच किया जाएगा । और अब बॉलीवुड हंगामा को इस फ़िल्म के टाइटल को लेकर लेटेस्ट अपडेट मिली है ।

रणबीर कपूर के साथ श्रद्धा कपूर की फ़िल्म को मिलने वाला है टाइटल
फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने हमें बताया कि डायरेक्टर लव रंजन 14 दिसंबर को फ़िल्म के टाइटल अनाउनसमेंट के साथ फ़ैंस को सरप्राइज़ भी देंगे । “हां, आखिरकार इंतजार खत्म होने वाला है । लव रंजन 14 दिसंबर को एक विशेष वीडियो के साथ अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म के शीर्षक की घोषणा करेंगे । यह इस वीडियो का डिजिटल लॉन्च होने जा रहा है, और 16 दिसंबर से यह सभी मल्टीप्लेक्स में चलाया जाएगा ।” सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया ।
शीर्षक को गुप्त रखा गया है और लव रंजन और रणबीर कपूर के करीबी सूत्र शीर्षक के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं । “यह एक क्वर्की टाइटल है और वे इसे अपने तरीके से घोषित करना चाहते हैं । गोपनीयता का सम्मान करना सबसे अच्छा है ।” सूत्र ने हमें आगे यह भी बताया कि रणबीर और श्रद्धा दोनों इस टाइटल अनाउनसमेंट वीडियो में दिखाई देंगे।
फ़िल्म में थेरेपिस्ट बने हैं रणबीर
बॉलीवुड हंगामा को फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने बताया है कि, रणबीर, लव रंजन की फ़िल्म में एक थेरेपिस्ट का किरदार अदा करेंगे । सूत्र ने बताया, “यह फ़िल्म कई मायने में रणबीर के लिए खास है । सबसे पहले इस फ़िल्म के साथ रणबीर पहली बार डायरेक्टर लव रंजन के साथ काम कर रहे हैं । दूसरा इस फ़िल्म में रणबीर के अपोजिट पहली बार श्रद्धा कपूर नजर आएंगी । इसके अलावा वह इस फ़िल्म में जो किरदार निभाने वाले हैं वह भी उन्होंने इससे पहले कभी नहीं निभाया । इस फ़िल्म में रणबीर एक थेरेपिस्ट का किरदार निभाएंगे जो लोगों की रिश्तों की समस्याओं को सुलझाने में एक्सपर्ट है ।”
लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित और भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत, रणबीर और श्रद्धा अभिनीत अगली फिल्म में डिंपल कपाड़िया और बोनी कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे । यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है जिसमें बोनी और डिंपल रणबीर के माता-पिता की भूमिका में नजर आएंगे । यह फिल्म 23 मार्च 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















