भारतीय सिनेमा में हॉरर फ़िल्मों के जन्मदाता रामसे ब्रदर्स के सबसे बड़े भाई कुमार रामसे का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया । 85 वर्षीय कुमार रामसे ज्यादातर डरावनी फिल्मों की पटकथा लिखने के लिए जाने जाते थे । कुमार रामसे के तीन बेटे- राज, गोपाल और सुनील हैं और एक पत्नी है । कुमार के बेटे गोपाल ने इसकी जानकारी दी और बताया कि उनके पिता का आज उनके घर पर देहांत हो गया ।

कुमार रामसे का निधन
कुमार रामसे ने रामसे ब्रदर्स की फिल्मों में लेखन का कार्यभार संभाला । उनकी लिखी चर्चित फिल्मों में पुराना मंदिर, खोज और साया शामिल हैं । कुमार रामसे और कौन और दहशत फिल्मों के निर्माता भी रहे। कुमार रामसे के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है । सोशल मीडिया पर कुमार रामसे को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है । फैंस उनके द्वारा बनाई फिल्मों को याद कर रहे हैं ।
गौरतलब है कि, फतेहचंद रामसे अपने सात बेटों के साथ मुंबई आए थे और इन सात बेटों ने रामसे ब्रदर्स के नाम से हिंदी सिनेमा में हॉरर फिल्मों का एक नया इतिहास लिख दिया । रामसे भाइयों में केशु, तुलसी, करण, श्याम, गंगू और अर्जुन शामिल थे जिनका डरावनी फिल्मों के निर्माण में बोलबाला था । रामसे ब्रदर्स ने भारतीय फिल्म उद्योग को वीराना, पुराना मंदिर, पुरानी हवेली जैसी कई डरावनी फ़िल्में दी हैं और एक प्रसिद्ध टेलीविजन शो, ज़ी हॉरर शो बनाया है ।
















