अभी कुछ दिन पहले केदारनाथ अपनी सभी समस्याओं को खत्म करने के बाद वापस फ़िर से पटरी पर लौटी थी, लेकिन लगता है इस फ़िल्म की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई है । क्योंकि अब इस फ़िल्म की अभिनेत्री, सारा अली खान इस फ़िल्म के चक्कर में कानूनी मुश्किल में फ़ंस गई है । सैफ़ अली खान की बेटी सारा अली खान को उनकी डेट्स इश्यू के चलते कोर्ट में खींचा गया है ।

सारा अली खान का बॉलीवुड करियर अभी शुरू भी नहीं हुआ कि मिल गया कानूनी नोटिस

फ़िल्ममेकर अभिषेक कपूर सैफ़ की लाडली सारा को अपनी फ़िल्म केदारनाथ के साथ लॉंच करने के लिए तैयार थे । लेकिन ये फ़िल्म जब से शुरू हुई है तब से किसी न किसी वजह से यह मुश्किल में फ़ंसी हुई है । सारा का फ़िल्मी सफ़र अभी शुरू भी नहीं हुआ कि शुरू होने से पहले ही उन्हें कई तरह के रोडब्लॉक्स का सामना करना पड़ा ।

सारा अली खान अपनी डेट्स नहीं दे रही हैं

एग्रीमेंट के अनुसार सारा ने बीते सितंबर फ़िल्म को साइन किया था, और सारा इस फ़िल्म में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर चुनी गई थी । इस नाते सारा ने अपनी डेट्स इस फ़िल्म के लिए निर्धारित कर दी । अभिषेक कपूर के प्रोडक्शन हाउस, गाय इन द स्काई प्रडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड ने सारा पर आरोप लगाया है कि सारा केदारनाथ के लिए दी गई अपनी डेट्स पर कायम नहीं है और वह उन डेट्स में कोई और फ़िल्म की शूटिंग कर रही है ।

सारा को भेजे गए नोटिस में लिखा गया कि, सारा ने फिल्म के लिए अग्रीमेंट पर साइन किया था, जिसके मुताबिक वह शूटिंग के लिए दी गईं सभी डेट्स पर मौजूद रहेंगी । लेकिन जब पिछले महीने सारा को बताया गया कि शूट मई से लेकर 5 जुलाई तक चलेगी, तो उनके एजेंट ने बताया कि वह जून में केदारनाथ की शूटिंग नहीं कर पाएंगी क्योंकि उस वक्त वह दूसरी फिल्म की शूटिंग में बिज़ी होंगी । सारा ने अग्रीमेंट का उल्लंघन किया है और अब वह या तो अपना कमिटमेंट पूरा करें, नहीं तो हर्जाना भरें ।

गौरतलब है कि केदारनाथ सारा की पहली फ़िल्म है लेकिन विवादों में फ़ंसने के बाद उन्होंने रोहित शेट्टी की फ़िल्म सिम्बा को साइन कर लिया । और उसकी वजह से ही ये सब प्रोब्लम खड़ी हुई ।

यह भी पढ़ें : केदारनाथ ही बनेगी सारा अली खान की पहली फ़िल्म, सिम्बा से पहले इस दिन होगी रिलीज !

फ़िल्म की बात करें तो, केदारनाथ फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । क्रिएज एंटरटेनमेंट के बाहर हो जाने के बाद इस फ़िल्म की कमान रॉनी स्क्रूवाला ने संभाली, जो अब इस फ़िल्म को अकेली प्रोड्यूस कर रहे है ।