करण जौहर इन दिनों अपनी जल्द ही रिलीज़ होने वाली फ़िल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की रिलीज़ की तैयारी कर रहे हैं । रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के साथ करण जौहर एक बार फिर निर्देशन के क्षेत्र में लौट रहे हैं । रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की रिलीज़ से पहले करण जौहर ने अपने फ़ैंस को अपनी अगली फ़िल्म की भी अपडेट दे दी है ।

करण जौहर की अगली फ़िल्म होगी एक्शन एंटरटेनर
करण ने अपने 50वें जन्मदिन पर खुलासा किया था कि, वह अब एक एक्शन फ़िल्म बनाना चाहते हैं । और अब फ़ाइनली करण ने रिवील कर दिया है कि उनकी अगली फ़िल्म कोई रोमांटिक ड्रामा नहीं बल्कि एक्शन एंटरटेनर होगी । दरअसल, हाल ही में एक जिज्ञासु प्रशंसक ने धर्मा प्रोडक्शंस के प्रमुख से उनकी अगली फिल्म के बारे में सवाल किया । प्रशंसक ने एक टिप्पणी करते हुए पूछा, “आपका अगला प्रोजेक्ट क्या है? @karanjohar” और उसी का जवाब देते हुए, करण ने कहा, “एक भावनात्मक एक्शनर”। हमें यकीन है कि प्रशंसक इस बार फिल्म निर्माता को एक्शन में देखने के लिए उत्साहित हैं।
बॉलीवुड हंगामा ने इसी साल अप्रैल में पहले बताया था कि, करण जौहर अपने प्रोडक्शन में एक बिग बजट की एक्शन एंटेरटेनर बना रहे हैं जिसके लिए उन्होंने सलमान ख़ान को अपरोच किया है । सलमान को भी स्क्रिप्ट पसंद आई है । इतना ही नहीं यह भी पता चला था कि सलमान की इस एक्शन फ़िल्म को शेरशाह के डायरेक्टर विष्णु वर्धन निर्देशित करने वाले हैं । हालाँकि इस पर अभी ऑफ़िशियल मुहर लगाना बाक़ी है । यदि सब कुछ ठीक रहा तो इस फ़िल्म के साथ सलमान और करण पूरे 25 साल बाद एक दूसरे के साथ काम करेंगे ।
















