कंगना रनौत की एरियल एक्शन थ्रिलर, तेजस की शूटिंग साल की शुरुआत में पूरी हो गई थी । तब से, फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में थी । और अब बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि कंगना रनौत की तेजस अपनी रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है । सुनने में आया है कि ये फ़िल्म बड़े पैमाने पर थिएटर में रिलीज़ करने की तैयारी की जा रही है ।

कंगना रनौत की एरियल एक्शन थ्रिलर तेजस
एक ट्रेड सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “रोनी स्क्रूवाला को भरोसा है कि उनकी फ़िल्म तेजस, दर्शकों के लिए एक ट्रीट होगी । यह भारतीय वायु सेना के सम्मानिय पहलू को दर्शाएगी और एक थिएट्रिकल रिलीज होगी । रिलीज के लिए मेकर्स जुलाई से सितंबर के बीच की डेट फ़ाइनल करने पर विचार कर रहे हैं ।”
ट्रेड सूत्र ने आगे कहा, “तेजस जुलाई या अगस्त में रिलीज होने की सबसे अधिक संभावना है, हालांकि टीम कंगना की फिल्म के लिए एक अच्छी रिलीज़ डेट तलाशने में ज्यादा फ़ोकस कर रही है । रिलीज की तारीख की घोषणा अगले 15 से 20 दिनों में होने की उम्मीद है ।”
2016 में एक ऐतिहासिक घटना, जब भारतीय वायु सेना महिलाओं को लड़ाकू भूमिकाओं में शामिल करने वाली देश की पहली रक्षा सेना बनी थी, पर बेस्ड तेजस सर्वेश मेवाड़ा द्वारा निर्देशित है । फिल्म भारतीय वायु सेना की महिला पायलट की कहानी पर आधारित है। कंगना फिल्म में एयरफोर्स पायलट तेजस गिल का लीड रोल प्ले कर रही हैं । कंगना के अलावा फिल्म में अंशुल चौहान, वरुण मित्रा और पंकज त्रिपाठी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे । मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि देश के युवाओं को प्रेरित भी करेगी ।
















