
जॉन अब्राहिम काफ़ी समय से खेल पर आधारित फ़िल्म बनाने का विचार कर रहे थे और अब लगता है कि आखिरकार जॉन को एक दिलचस्प बायोपिक मिल गई है । अभिनेता-निर्माता जॉन अब्राहिम ने दिग्गज मुक्केबाज हवा सिंह के जीवन को रूपहले पर्दे पर चित्रित करने का फ़ैसला किया है ।
एक्शन से भरी रॉकी हेंडसम फ़िल्म के बाद अब जॉन ने छह फुट लंबे मुक्केबाज हवा सिंह की भूमिका को निभाने की इच्छा व्यक्त की है । हवा सिंह की जीवन यात्रा का अनुगमन करने के साथ ये फ़िल्म, 19 साल की उम्र में सेना में भर्ती होने से लेकर लगातार 11 बार वेस्टर्न कमांड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप जीतने तक की हर उनकी उपलब्धियों को दर्शाएगी । हवा सिंह ने कोच के रूप में खेल के लिए अपना जुनून जारी रखा और अखिल कुमार और विजेंदर सिंह जैसे कुछ प्रसिद्ध बॉक्सर को प्रशिक्षित किया । हालांकि, अगस्त 2000 में उनका निधन हो गया । सैम फर्नांडीज (विधु विनोद चोपड़ा के पूर्व सीओओ) ने उनकी बायोपिक बनाने के अधिकार खरीदे और अब जॉन और स्टूडियो के साथ मिलकर फ़िल्म का निर्माण करेंगे । उसी के बारे में खुलासा करते हुए जॉन ने कहा कि उन्होंने न केवल हवा सिंह के परिवार से मुलाकात की बल्कि वो ये भूमिका निभाने के लिए भी काफ़ी उत्साहित हैं ।
वहीं दूसरी तरफ़, हवा सिंह के जीवन पर आधारित ये फ़िल्म विभिन्न स्थानों जैसे दिल्ली, हरियाणा और उनके गृहनिवास उमारवस, वैष्णोदेवी, थाईलैंड और कई अन्य जगह पर शूट की जाएगी । हमने यह भी सुना है कि ये फिल्म कुछ वास्तविक जीवन के मुक्केबाजों के साथ भी शूट की जाएगी ।
















