ईशान खट्टर के साथ करण जौहर की फ़िल्म धड़क से अपनी फ़िल्मी करियर शुरू करने वाली जाह्नवी कपूर एक बार फिर अपने पहले को-स्टार ईशान के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही हैं । जाह्नवी और ईशान एक बार फिर करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस की फ़िल्म में साथ नज़र आने वाले हैं । इस फ़िल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नीरज घेवान डायरेक्ट करने वाले हैं । फ़िलहाल यह फ़िल्म प्री-प्रोडक्शन में है और इस अक्टूबर से भोपाल में फ़िल्म की शूटिंग शुरू की जा सकती है ।

जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर फिर आएंगे साथ
जाह्नवी और ईशान की इस फ़िल्म में मर्दानी 2 फ़ेम विशाल जेठवा भी अहम रोल में नज़र आने वाले हैं । पीपिंगमून की खबर के मुताबिक़, यह एक इमोशनल ह्यूमन ड्रामा है । पोर्टल के सूत्र के मुताबिक़, “इस फ़िल्म पर डायरेक्टर नीरज घायवान पिछले दो सालों से काम कर रहे हैं । जाह्नवी और ईशान को भी फ़िल्म की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई और उन्होंने इस फ़िल्म को इसलिए हां कहा क्योंकि, इसमें दोनों की भूमिका उनकी पिछली फ़िल्म धड़क से बिल्कुल अलग है । जाह्नवी और ईशान साथ काम करना चाहते थे और नीरज की फ़िल्म ने उन्हें एक बार फिर साथ काम करने का मौक़ा दिया है जिसे लेकर वह बहुत रोमांचित है ।”
2015 में विक्की कौशल अभिनीत मसान के साथ अपने निर्देशन की शुरुआत करने के बाद, नीरज ने सेक्रेड गेम्स के सीज़न 2 और मेड इन हेवन सीज़न 2 के दो एपिसोड को डायरेक्ट किया था । इसके अलावा उन्होंने धर्मा प्रोडक्शंस की एंथोलॉजी फिल्म अजीब दास्ताँ को भी डायरेक्ट किया था ।
वहीं जाह्नवी की बात करें तो, वह इससे पहले करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के साथ धड़क, गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल, मिस्टर एंड मिसेज माही कर चुकी हैं । इसके अलावा वह वरुण धवन के साथ आने वाली सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी फ़िल्म भी कर रही हैं ।
















