200 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग करने के आरोपी महाठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ रिलेशनशिप को लेकर जैकलीन फर्नांडीज की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं । मामले की जांच कर रहे इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की तरफ से जैकलीन के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया जिसके बाद ईडी ने जैकलीन फर्नांडीज को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया । मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडीज 8 दिसंबर को ईडी के सामने पेश हुईं । जांच एजेंसी ने 8 दिसंबर को जैकलीन से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी । लेकिन एजेंसी अभिनेत्री के जवाबों से संतुष्ट नहीं है और वे इस मामले में और गहराई से सवाल-जवाब करना चाहती है । इसलिए जैकलीन को अब फ़िर से 11 दिसंबर को ईडी दफ़्तर बुलाया जा सकता है ।

200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी जैकलीन फर्नांडीज से फ़िर करेगी पूछताछ, महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े हर एंगल को खंगालेगी जांच एजेंसी

जैकलीन फर्नांडीज के लिए सवालों की लंबी लिस्ट

जैकलीन को ठग सुकेश चंद्रशेखर से मिलवाने वाली महिला पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद अब कहा जा रहा है कि जैकलीन को फ़िर से ईडी दफ़्तर बुलाया जा सकता है । खबरों की मानें तो, जैकलीन को फिर पूछताछ के लिए बुलाना जरूरी है क्योंकि पिंकी ईरानी ने सुकेश को जैकलीन से मिलवाने के लिए जैकलीन के निजी सचिव से संपर्क किया था । बता दें कि ईडी ने गुरुवार को पिंकी ईरानी को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था । कहा जा रहा है कि ईडी जैकलीन और पिंकी को आमने सामने बिठाकर पूछताछ करेगी ।

कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर के विरूद्ध चल रही मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में जैकलीन ईडी ने सवालों की लंबी लिस्ट तैयार की है । इसमें जैकलीन से सुकेश संग उनके रिश्ते, संपर्क में आने की कहानी और वसूली से संबंधित सवाल भी पूछे जाएंगे ।

ED के मुताबिक, सुकेश के 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली मामले में जैकलीन अहम गवाह हैं । खबरों की मानें तो, ,महाठग सुकेश ने जैकलीन को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के महंगे गिफ्ट भेजे थे । महंगे गिफ्ट में गहने, डायमंड ज्वेलरी सेट, क्रॉकरी, 4 फारसी बिल्लियां (एक बिल्ली की करीब 9 लाख रुपये) और 52 लाख रुपये का घोड़ा भी शामिल है । सुकेश ने जैकलीन के भाई बहनों को भी मोटी रकम भेजी थी ।