दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति को लेकर कानूनी जंग तेज़ हो गई है । संजय कपूर की लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर और वर्तमान पत्नी प्रिया सचदेव के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है । संजय कपूर की संपत्ति पर करिश्मा कपूर की बच्चों का भी हक बनता है, लेकिन उनकी वसीयत में बिजनेसमैन की विधवा प्रिया सचदेव एकमात्र दावेदार के रूप मे सामने आई हैं, जिसे करिश्मा कपूर की लीगल टीम ने कोर्ट में चुनौती दी है । उन्होंने वसीयत की प्रामाणिकता पर संदेह जताया है । विवाद के बीच संजय कपूर की बहन मंदिरा कपूर स्मिथ ने करिश्मा कपूर और उनके बच्चों का सपोर्ट किया है । वहीं बुधवार, 10 सितंबर को दिल्ली हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव ने करिश्मा कपूर के ख़िलाफ़ कई खुलासे किए ।

“मैं ही उनकी कानूनी पत्नी हूं”- 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के आरोप पर प्रिया सचदेव का पलटवार ; करिश्मा कपूर के ख़िलाफ़ दी दलील- “बच्चों को पहले ही ट्रस्ट के जरिए करीब 1900 करोड़ रु दे चुके हैं”

करिश्मा कपूर की पूर्व पति की संपत्ति को लेकर कानूनी जंग

करिश्मा के दोनों बच्चों ने अपने दिवंगत पिता की संपत्ति में पांचवां हिस्सा मांगा है। करिश्मा की बेटी समायरा कपूर ने अपनी मां के जरिए याचिका दायर की है, जिसमें उन्हें अपनी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी के तौर पर अधिकृत किया गया है। उनके नाबालिग बेटे कियान का भी मां करिश्मा कानूनी अभिभावक के तौर पर प्रतिनिधित्व कर रही हैं। न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की अध्यक्षता में हुई सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर की ओर से पेश हुए वकील राजीव नायर ने कहा, “यह मुकदमा बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं विधवा हूं, मैं उनकी कानूनी पत्नी हूं। प्यार और स्नेह के दावे, ये सब तब कहां थे जब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में तलाक की लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी। आपके पति आपको कई साल पहले छोड़ गए थे।” वह 2016 में हुए करिश्मा और संजय के तलाक का जिक्र कर रहे थे।

प्रिया कपूर के वकील ने ये भी दलील दी कि बच्चों को पहले ही ट्रस्ट के जरिए करीब 1900 करोड़ रुपए की संपत्ति दी जा चुकी है। नायर ने कहा कि वसीयत का रजिस्टर्ड होना ज़रूरी नहीं है और प्रिया कपूर ही संजय कपूर की आख़िरी कानूनी पत्नी हैं।

हाई कोर्ट ने केस को औपचारिक रूप से दर्ज करते हुए प्रतिवादियों को दो हफ़्ते में जवाब दाखिल करने और वसीयत को सीलबंद लिफाफे में पेश करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही संजय कपूर की सभी संपत्तियों की सूची भी कोर्ट में जमा करनी होगी । अब इस मामले पर अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी, जब कोर्ट अंतरिम आदेश यानी स्टे पर विचार करेगा ।

बता दें कि संजय कपूर 12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच खेलते हुए अचानक असहज महसूस करने लगे और फिर उनकी मौत हो गई थी।