Kaabil1-3

इस हफ़्ते सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस साल की बड़ी फ़िल्मों से एक ह्रितिक रोशन की काबिल और शाहखान खान की रईस, जिन्हें बॉक्सऑफ़िस पर एक बड़े टकराव के रूप में देखा जा रहा था । अलग-अलग विषय सामग्री पर बनी इन दोनों फ़िल्मों को भारत में बॉक्सऑफ़िस पर एक शानदार शुरूआत मिली । इसी बीच, अब पाकिस्तान सरकार ने भी 'काबिल' को उनके देश में रिलीज करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी/नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) दे दी है, इस फ़िल्म को पाकिस्तान में इस हफ़्ते रिलीज किया जाएगा । इसी के साथ, पाकिस्तान सरकार ने भारतीय फिल्मों, जिन पर भारत-पाक तनाव के चलते चार महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया था, पर लगी रोक को हटा लिया गया है । आपको बता दें कि उड़ी आतंकी हमले और इसके जवाब में भारतीय सेना की ओर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत और पाक के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसके चलते पाकिस्तान ने अपने यहां बॉलीवुड फिल्मों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया था । पाकिस्तान की सरकार द्वारा भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग पर बैन लगाए जाने के चार महीने बाद देश में इस वीकेंड पर कोई बॉलीवुड फिल्म रिलीज होगी ।

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ द्वारा गठित समिति के प्रस्ताव पर पाकिस्तान सरकार की ओर काबिल को उनके देश में रिलीज करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिया गया । और इसी क्रम में भारतीय फिल्मों 'की स्क्रीनिंग पर गौर करने के लिए, उन्होंने प्रधानमंत्री के सचिवालय में इस सप्ताह एक रिपोर्ट सौंपी थी । एचयूएम फ़िल्म (जो पाकिस्तान में फिल्म रिलीज हो रही है) के प्रवक्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, केंद्रीय सेंसर बोर्ड से फिल्म प्रमाणन का मंजूरी प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही वे काबिल को आज (शुक्रवार) को रिलीज करने की योजना बना रहे हैं । इन्होंने साथ ही कहा कि, काबिल के अलावा, वे शाहरुख खान और माहिरा खान अभिनीत फ़िल्म रईस, जिसके लिए वे एनओसी का इंतजार कर रहे हैं, को भी रिलीज करने की योजना बना रहे हैं । सूचना राज्य मंत्री मरियम औरंगजेब और शरीफ के सलाहकार इरफान सिद्दीकी के नेतृत्व वाली

समिति ने पाक पीएम से भारतीय फिल्मों से बैन हटाने की सिफारिश की । शरीफ की ओर से औपचारिक इजाजत मिलने के बाद सूचना मंत्रालय ने भारतीय फिल्मों के प्रदर्शन की अनुमति के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी ।

एक नामी-गिरामी सिनेमा मालिक, प्रदर्शक और वितरक नदीम मांडवीवाला ने कहा कि, काबिल की रिलीज पाकिस्तान में दिखाई जाने वाली भारतीय फ़िल्मों की आधिकारिक तौर पर शुरूआत होगी । उन्होंने आगे कहा कि, कई सिनेमा मालिकों ने पिछले साल सितंबर में, पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग निलंबित कर दी और इसके प्रतिशोध में IMPPA (इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन) ने भारत में काम कर रहे पाकिस्तानी अभिनेता, गायक और तकनीशियनों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जब तक कि स्थिती बहाल न हो जाए । नदीम ने आगे कहा कि, भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग के निलंबन के चलते, जो कि अब हटा लिया गया है, सिनेमा मालिकों और फ़िल्म इंडस्ट्री दोनों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था ।