बॉलीवुड की अब तक की सबसे बड़ी एक्शन फ़िल्म मानी जाने वाली फ़िल्म वॉर में ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ गुरु और चेले के रूप में नजर आएंगे । वॉर में दोनों एक दूसरे से खतरनाक भिड़ंत करते हुए भी दिखाई देंगे । असल जिंदगी में ॠतिक रोशन को अपना आदर्श मानने वाले टाइगर इस फ़िल्म में उनके दुश्मन के रूप में दिखाई देंगे । और अब सुनने में आ रहा है कि ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की पर्दे की दुश्मनी असल जिंदगी में भी दिखाई देगी ।

ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की दुश्मनी
क्योंकि फ़िल्म 2 अक्टूबर को गांधी जयंति के मौके पर रिलीज होगी इसलिए अब फ़िल्म की स्टार कास्ट प्रमोशन में जी जान से जुट गई है । और मेकर्स ने प्रमोशन की नई रणनीति बनाई है जिसके तहत फिल्म की रिलीज से पहले टाइगर और ऋतिक कहीं भी एक साथ नजर नहीं आएंगे ।
फ़िल्म की मार्केटिंग कंपनी ने प्रमोशन की रणनीति ऐसे तैयार की है की पर्दे पर निभाई गई दुश्मनी की झलक प्रमोशन में भी देखने को मिले । इसलिए निर्माताओं ने यह तय किया है कि दोनों अभिनेताओं की फिल्म के प्रचार के दौरान कोई भी मुलाकात नहीं होगी । टाइगर और ॠतिक अलग-अलग रहकर फिल्म का प्रचार करेंगे । फिल्म निर्माता ये भी चाहते हैं कि दर्शक ऋतिक और टाइगर को पहली बार एक साथ सीधे फिल्म में ही देंखे । दर्शक पहली बार टाइगर और ॠतिक को एक साथ पर्दे पर देखेंगे और स्क्रीन पर दोनों की जो केमिस्ट्री है वह फिल्म के प्रमोशन के दौरान भी जारी रहेगी । इस दौरान वह कहीं भी एक साथ नजर नहीं आएंगे ।
यह भी पढ़ें : WAR: ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ के बीच कोई कम्पटीशन नहीं है, सिद्धार्थ आनंद ने खोला राज
यशराज फ़िल्मस के बैनर तले बनी वॉर को सिद्धार्थ आनंद ने निर्देशित किया है । इस फ़िल्म में ॠतिक और टाइगर के अलावा वाणी कपूर और अनुप्रिया गोयनका नजर आएंगी । यह फ़िल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















