
रियो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली त्रिपुरा की दीपा कर्माकर हार कर भी जीत गईं । रियो ओलंपिक में क्वालीफ़ाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिमनास्ट दीपा कर्माकर, ब्रांज मेडल के बेहद करीब पहुंचकर भी भले ही मेडल न ले पाईं हो लेकिन अपने अथक प्रयास से दीपा ने लाखो-करोड़ों दिलों को जीत लिया है । रियो ओलंपिक में महज 0.15 अंकों से पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहीं दीपा ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली देश की पहली महिला जिम्नास्ट हैं । एक ऐसे खेल में जहां भारत की उपस्थिति दूर दूर तक दिखाई नहीं देती थी, दीपा चौथी पायदान तक पहुंचने में कामयाब रहीं । जहां पूरा देश उनकी इस प्रतिभा पर गर्व व्यक्त कर रहा है, जब उनसे पूछा गया कि वो बॉलीवुड में किस अभिनेता की फ़ैन है तो दीपा ने जवाब दिया ह्रितिक रोशन ।
रियो ओलंपिक से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दीपा ने बताया कि वो बॉलीवुड में ह्रितिक रोशन की सबसे बड़ी प्रशंसक हैं , और सबसे अच्छा उन्हें, ह्रितिक का डांस लगता है । दीपा ने बताया कि वह ह्रितिक की हालिया रिलिज फ़िल्म मोहेंजो दारो देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं । वहीं दूसरी तरफ़, ह्रितिक रोशन एक उत्साही खेल प्रेमी होने के नाते, खुद को दीपा की तारीफ़ करने से रोक नहीं सके । वास्तव में ह्रितिक ने रियो ओलंपिक को लगातार फ़ोलो किया और उन्हें दीपा पर बहुत गर्व है ।
जब ह्रितिक से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं । लेकिन मुझे लगता है कि मैं दीपा का बहुत बड़ा फ़ैन हूं । जिस जोश के साथ वह खेलीं, उन्होंने हम सभी का दिल जीत लिया ।
















