अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी हिट फ्रेंचाइजी हाउसफुल की पाँचवीं किस्त, हाउसफुल 5 के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । इस फ़िल्म में अक्षय कुमार फिर से कॉमेडी करते हुए नजर आने वाले हैं । ये कहना लाजिमी है कि, हाउसफुल 5 और इस फ्रैंचाइजी की लोकप्रियता, कॉमेडी जॉनर और निश्चित रूप से अक्षय कुमार की मौजूदगी के कारण इसके लिए उत्साह जबरदस्त है । इस बार अक्षय के साथ हाउसफुल 5 में रितेश देशमुख के साथ अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, जैकलीन फर्नांडीज, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चंकी पांडे, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, डिनो मोरिया, चित्रांगदा सिंह, रंजीत, सौंदर्या शर्मा और निकितिन धीर भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं । इसी बीच बॉलिवुड हंगामा को हाउसफुल 5 के मुख्य प्लॉट के बारें में एक्सक्लूसिवली पता चला है जो की एक मर्डर मिस्ट्री है ।

अक्षय कुमार की हाउसफुल 5 है एक मर्डर मिस्ट्री
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “जैसा कि हम सभी जानते हैं कि हाउसफुल 5 की कहानी एक क्रूज शिप पर आधारित है। असल में यह फिल्म मूल रूप से एक मर्डर मिस्ट्री है। शिप पर एक हत्या होती है और फिल्म में मौजूद सभी कलाकार शक के दायरे में हैं। दो कलाकार पुलिस की भूमिका निभाते हैं और जब वे हत्यारे का पता लगाने की कोशिश करते हैं, तो इस दौरान भरपूर हंसी और पागलपन देखने को मिलता है ।”
हाल ही में, हाउसफुल 5 के सेट से पुलिस की वर्दी में संजय दत्त और जैकी श्रॉफ की तस्वीरें सामने आई थीं और इसके बाद यह कहा जाने लगा है कि, ये दोनों फ़िल्म में जाँच अधिकारी हो सकते हैं ।
दिलचस्प बात यह है कि शिप पर हत्या का विचार हाल ही में दो हॉलीवुड फिल्मों - डेथ ऑन द नाइल (2022) और मर्डर मिस्ट्री (2019) में देखा गया था । हालांकि, सूत्र ने आश्वासन दिया, “जिस तरह डेथ ऑन द नाइल और मर्डर मिस्ट्री की कहानी एक दूसरे से अलग हैं, उसी तरह हाउसफुल 5 भी काफ़ी बदलाव है। निर्माताओं ने इसमें देसी स्टाइल का भरपूर मनोरंजन जोड़ा है। इसके अलावा, साजिद नाडियाडवाला के निर्देशन में, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया है कि हाउसफुल 5 भारतीय सिनेमा की एक ओरिजनल और अपनी तरह की अनूठी कॉमेडी फिल्म बने ।”
हाउसफुल 5 का निर्देशन दोस्ताना (2008) फेम तरुण मनसुखानी ने किया है और यह इसी साल बकरीद पर 6 जून 2025 को रिलीज होगी।
















