
"दोस्त से ज्यादा, गर्लफ्रेंड से कम" टैग लाइन वाली हाफ़ गर्लफ़्रेंड फ़िल्म बहुत जल्द सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है । जब से इस फ़िल्म का पहला गाना 'बारिश' लॉंच हुआ है तब से यह लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है । हाल ही में फ़िल्म का दूसरा गाना 'मैं फ़िर भी तुम को चाहूंगा' रिलीज हुआ है ।
अरिजीत सिंह की आवाज़ में मदहोश कर देने वाला यह गाना फ़िल्म के बारे में काफी कुछ बयान कर रहा है । इस गाने में आपको एक तरफ अर्जुन कपूर की तड़प देखने मिलेगी तो दूसरी ओर श्रद्धा कपूर "हाफ गर्लफ्रैंड" का मतलब साझा करते हुए नज़र आ रही हैं । फ़िल्म के इस दूसरे गाने में अर्जुन और श्रद्धा कपूर की रोमांटिक कैमिस्ट्री की झलक काफी उम्दा लग रही है जहाँ अर्जुन का श्रद्धा के प्रति प्यार तो दिख ही रहा है लेकिन गाने के अंत में श्रद्धा के आंसू भी काफी कुछ बयान कर रहे है ।
मनोज मुन्ताशीर द्वारा लिखे गए इस गाने के बोल आपके दिल को छू जाएंगे और एक बार फिर आप इस फ़िल्म का बेसब्री से इंतज़ार करने पर मजबूर हो जाएंगे ।
इस संगीतमय रोमांटिक फ़िल्म के साथ पहली बार अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर की जोड़ी बड़े पर्दे पर दिखेगी । फ़िल्म 2 स्टेट्स की कामयाबी के बाद लेखक चेतन भगत के उपन्यास पर आधारित है फ़िल्म हाफ़ गर्लफ़्रेंड । इस फ़िल्म के जरिए चेतन भगत बतौर निर्माता अपनी पारी खेलेंगे । मोहित सूरी द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स, मोहित सूरी और चेतन भगत द्दारा प्रोड्यूस की गई है । यह फ़िल्म 19 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















