22 साल के लंबे इंतज़ार के बाद फ़ाइनली गदर का सीक्वल, गदर 2 सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रहा है । अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और सनी देओल और अमीषा पटेल अभिनीत इस फिल्म में उत्कर्ष शर्मा जीते की भूमिका निभाते हुए नज़र आएंगे । गदर 2 को लेकर जहां एक तरफ़ लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है । और इसका एक सबूत फ़िल्म की एडवांस बुकिंग में भी देखने को मिल गया है । रिलीज़ के पहले दिन के लिए हुई एडवांस बुकिंग के आँकड़े सामने आ चुके हैं जो काफ़ी प्रभावशाली हैं ।

गदर 2 की एडवांस बुकिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीवीआर ने अब तक गदर 2 के 12,100 टिकट बेचे हैं जबकि आईनॉक्स और सिनेपोलिस अब तक 8,600 और 9,350 टिकट ही बेच पाए हैं । इस प्रकार, अब तक बेचे गए टिकटों की कुल संख्या 30,050 हो गई है ।
ये केवल देश की तीन नेशनल चेन्स - पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस में पहले दिन के लिए बेचे गए टिकटों की संख्या हैं । बाकी थिएटर, खासकर सिंगल स्क्रीन के फ़िगर्स सामने नहीं आए हैं ।
हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में तरण आदर्श ने गदर 2 के बारें में कहा, “गदर 2 की शुरुआत बहुत धमाकेदार होगी ख़ासकर हिंदी बेल्ट में । जब गदर 2 और लगान का बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला हुआ था तो फ़िल्म इंडस्ट्री के बाहर और अंदर लोगों की नज़रें लगान पर ज्यादा टिकी थी । क्योंकि लगान आशुतोष गोवारिकर और आमिर ख़ान की फ़िल्म थी । वहीं गदर को देख लोगों को लगा की यह पुराने जमाने की फ़िल्म होगी । लेकिन जब गदर आई तो सब देखते रह गए, जो उसने उस वक्त बिज़नेस किया था उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते । इसके अलावा गदर की रिकॉल वैल्यू आज तक है । फ़िल्म की कहानी से लेकर गाने, डायलॉग सभी आज भी यादगार हैं । एक सीन जो गदर 2 में भी नज़र आएगा और वो ‘हैंडपंप सीन’ जो की फ़िल्म का बहुत अहम सीन है । ये सीन सेकेंड हाफ़ में आता है ।”
गदर 2 पूरे 22 साल बाद आ रही है इसलिए इसके लिए दर्शकों का उत्साह देखने लायक़ है । निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित, गदर 2, 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर यह फ़िल्म ओह माय गॉड 2 से टकराएगी ।
















