22 साल के लंबे इंतज़ार के बाद आ रही सनी देओल की गदर 2 सही मायने में बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने की तैयारी कर चुकी है । ये हम नहीं फ़िल्म की एडवांस बुकिंग के आँकड़े कह रहे हैं । अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा अभिनीत गदर 2 की एडवांस बुकिंग पिछले हफ्ते ही शुरू हुई थी और इसके बाद से ही फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलना शुरू हो गया था । ट्रेड एक्सपर्ट को भी गदर 2 के धमाकेदार ओपनिंग की पूरी उम्मीद है ।

धमाकेदार है गदर 2 की एडवांस बुकिंग
आज शाम 4:30 बजे आई लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, गदर 2 ने भारत के प्रमुख मल्टीप्लेक्स में अपने पहले दिन के लिए लगभग 1,80,000 से अधिक टिकट बेचे हैं । रिलीज़ के पहले दिन की टिकटों की बिक्री की डिटेल इस प्रकार है-
पीवीआर: 52,250
आईनॉक्स: 42,800
सिनेपोलिस: 28,300
मिराज: 17,500
राजहंस: 15,000
तरंग: 8,594
मूवीटाइम: 7,560
मूवीमैक्स: 7,000
एम2के: 1,944
सिटीप्राइड: 1,661
कुल मिलाकर रिलीज़ के पहले दिन यानी 11 अगस्त के लिए लगभग 1,82,609 टिकटें बिक चुकी हैं । यहां ध्यान देने वाली बात ये है की, इसमें भारत के सभी सिंगल-स्क्रीन थिएटरों की टिकट बिक्री शामिल नहीं है ।
गदर 2 इस साल किसी बॉलीवुड फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक फ़िल्म के रूप में उभरने के लिए तैयार है । ट्रेड एक्सपर्ट से हुई बातचीत पर आधारित बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, गदर 2 अपने पहले दिन 35 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है ।
गदर 2 पूरे 22 साल बाद आ रही है इसलिए इसके लिए दर्शकों का उत्साह देखने लायक़ है । निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित, गदर 2, 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर यह फ़िल्म ओह माय गॉड 2 से टकराएगी ।
















