भारत को कई कल्ट रोमांटिक फिल्में देने वाली यशराज फिल्म्स (YRF) अब एक नई प्रेम कहानी लेकर आ रही है – सैयारा, जिसका निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। रोमांस शैली में माहिर माने जाने वाले मोहित सूरी और YRF की यह रचनात्मक साझेदारी सैयारा को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा रही है। ऐसे में मेकर्स ने फ़िल्म के टीज़र को लाने की भी पूरी तैयारी कर ली है ।

30 मई को आएगा मोहित सूरी निर्देशित अहान पांडे और अनीत पड्डा की पहली फ़िल्म सैयारा का टीज़र

सैयारा 18 जुलाई को रिलीज होगी

सैयारा से अहान पांडे बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। उनके साथ अनीत पड्डा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जिन्होंने हाल ही में चर्चित सीरीज़ बिग गर्ल्स डोंट क्राई में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म के निर्माता यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी हैं।

इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का टीज़र 30 मई, शुक्रवार को रिलीज़ किया जाएगा, जिससे फिल्म का प्रचार अभियान औपचारिक रूप से शुरू होगा। फिल्म 18 जुलाई, 2025 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की ज़्यादातर शूटिंग 2024 में हुई और इस साल फरवरी में मोहित सूरी ने मुंबई के मलाड में वृंदावन स्टूडियो में 1,000 बैकग्राउंड आर्टिस्ट के साथ एक म्यूजिक फेस्टिवल सीक्वेंस शूट किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहान पांडे स्टेज पर परफॉर्म करते हुए नज़र आए और उनकी परफॉर्मेंस देखकर भीड़ मंत्रमुग्ध हो गई। अपनी परफॉर्मेंस के बीच में अहान दर्शकों को लुभाने के लिए स्टेज से कूद भी पड़ते हैं।