कोरोना संकटकाल में जरूरतमंदों के मसीहा बनकर उभरे सोनू सूद की लाइफ़ में साल 2020 एक बड़ा चेंज लेकर आया है । पर्सनल लाइफ़ में ही नहीं बल्कि प्रोफ़ेशनल लाइफ़ में भी उनकी जिंदगी में काफ़ी बदलाव आए हैं । और इस बात का खुलासा खुद सोनू ने किया है कि साल 2020 ने उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों लाइफ को बदल दिया । जहां पहले सोनू सूद विलेन बनकर अपने खतरनाक स्टंट्स से लोगों को प्रभावित करते थे वहीं अब उन्हें लीड हीरो के रोल ऑफ़र हो रहे हैं । इतना ही नहीं बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में सोनू सूद ने खुलासा किया कि अब वह फ़िल्म प्रोडक्शन में भी उतरने जा रहे हैं ।

सोनू सूद बनेंगे प्रोड्यूसर
निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद कर लोगों के दिलों पर राज करने वाले सोनू से जब उनके प्रोड्यूसर बनने के बारें में पूछा गया कि, क्या हम उन्हें जल्द ही बतौर प्रोड्यूसर देखेंगे, तो इसके जवाब में सोनू ने कहा, “हां बिल्कुल । मैं प्रोड्यूसिंग कर रहा हूं । इसे लेकर बातचीत लगभग फ़ाइनल स्टेज पर है । उम्मीद करता हूं कि अगली बार मैं एक नए टैग, एक्टर-प्रोड्यूसर के साथ आऊं । मैं अच्छी स्क्रिप्ट्स की तलाश कर रहा हूं जो लोगों को इंस्पायर करे । मैं ऐसी स्क्रिप्ट्स से हमेशा से ही जुड़ना चाहता था और मुझे खुशी है कि मैं इन सपनों को पूरा होते हुए देख रहा हूं ।”
कोरोना संकटकाल में लोगों की मदद कर बनी सोनू की मसीहाई छवि ने उनकी फ़िल्मी इमेज को बिल्कुल बदलकर रख दिया है । जहां पहले वह निगेटिव किरदार में दिखाई देते थे अब उन्हें हीरो के रोल ऑफ़र हो रहे है । फ़िल्ममेकर्स भी उनकी आगामी फ़िल्मों में उनके रोल को एक नए सिरे से लिख रहे हैं ताकि फ़िल्मी पर्दे पर लोग उन्हें देखकर निराश न हो । इतना ही नहीं सोनू की नई छवि से आम लोग ही नहीं बल्कि फ़िल्मी सितारें भी खासा प्रभावित है । हाल ही में सोनू ने बताया था कि साउथ एक्टर चिरंजीवी ने उन्हें एक सीन में मारने से इसलिए इंकार कर दिया कि लोग उन्हें पिटता हुआ देखना पसंद नहीं करेंगे । बता दें कि सोनू और चिरंजीवी तेलगू फ़िल्म आचार्य में एक साथ नजर आएंगे ।
















