बॉलीवुड की बहुचर्चित सीक्वल फिल्म राउडी राठौर 2 अब नहीं बन रही है। इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, प्रोड्यूसर्स शबीना खान और संजय लीला भंसाली ने तीन साल की कोशिशों के बाद आखिरकार इस फिल्म को ड्रॉप करने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि इसके लिए लिखी गई स्क्रिप्ट को अब एक स्टैंडअलोन  कमर्शियल फिल्म में बदला जाएगा, जिसका राउडी राठौर फ्रेंचाइज़ी से कोई संबंध नहीं होगा।

EXCLUSIVE: अब नहीं बनेगी राउडी राठौर 2 ; तैयार स्क्रिप्ट से बनेगी नई पुलिस एक्शन ड्रामा फिल्म ; यंग-बैंकेबल स्टार की तलाश

राउडी राठौर 2 की जगह अब बनेगी नई कॉप ड्रामा

2012 में आई राउडी राठौर के आईपी राइट्स डिज़्नी इंडिया और संजय लीला भंसाली के पास हैं। डिज़्नी ने रॉनी स्क्रूवाला की UTV मोशन पिक्चर्स को अधिग्रहित करने के बाद यह अधिकार हासिल किए थे। सूत्रों के मुताबिक, डिज़्नी इस सीक्वल को लेकर आगे बढ़ने के लिए राज़ी नहीं था। इसी कारण शबीना खान और भंसाली ने इसे पूरी तरह से स्क्रैप करने का फैसला लिया।

इस फिल्म की कहानी दिग्गज लेखक वी. विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी थी। अब इसमें बड़े पैमाने पर बदलाव किए जा रहे हैं ताकि इसे एक ताज़ा और दमदार पुलिस ड्रामा में ढाला जा सके। हालांकि इसमें वही मास एंटरटेनमेंट टच रहेगा, जिसने 2012 की राउडी राठौर को सुपरहिट बनाया था और अक्षय कुमार को बॉक्स ऑफिस पर दोबारा शिखर पर पहुंचाया था।

इस नई फिल्म का निर्देशन मशहूर तमिल फिल्मकार पी.एस. मिथ्रन करेंगे। वह इरुंबु थिरई (2018), हीरो (2019) और सरदार (2022) जैसी हिट और स्टाइलिश फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी अगली फिल्म सरदार 2 दिसंबर 2025 में रिलीज़ होगी।

इस नए प्रोजेक्ट की स्टारकास्ट फिलहाल तय नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा इस फिल्म को लीड करने वाले थे, लेकिन अब मेकर्स उन्हें कास्ट करने से हिचकिचा रहे हैं। वजह है उनके हालिया बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस और एक्शन ड्रिवेन फिल्मों में उनकी पकड़ को लेकर संशय। अब टीम एक यंग और बैंकेबल स्टार  की तलाश कर रही है, जो बड़े पर्दे पर एक लार्जर-दैन-लाइफ पुलिस ऑफिसर के रूप में दर्शकों को प्रभावित कर सके।

मेकर्स इस नई पुलिस एक्शन एंटरटेनर को 2026 की शुरुआत में फ्लोर पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।