बॉलीवुड हंगामा ने पिछले हफ़्ते सबसे पहले यह खबर दी थी कि नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने मोफ्यूज़न स्टूडियो और यूट्यूब के खिलाफ़ 25-25 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है, क्योंकि यूट्यूब ने कॉपीराइट उल्लंघन का हवाला देते हुए हाउसफुल 5 का टीज़र हटा दिया था । लेकिन अब हमें पता चला है कि हाउसफुल 5 का टीज़र वापस यूट्यूब पर आ गया है।

EXCLUSIVE: यूट्यूब पर वापस आया अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख की हाउसफुल 5 का टीजर ; कॉपीराइट उल्लंघन मामले में जीता नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट

हाउसफुल 5 का टीज़र वापस आया

बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया कि पर्दे के पीछे क्या हुआ, “9 मई को, यूट्यूब ने अप्रत्याशित रूप से ‘लाल परी’ गाने के इस्तेमाल पर मोफ्यूजन स्टूडियो द्वारा कॉपीराइट दावे का हवाला देते हुए हाउसफुल 5 का टीज़र हटा दिया । दर्शकों को एक संदेश मिला जिसमें कहा गया था कि इस दावे के कारण वीडियो उपलब्ध नहीं है । नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के साजिद नाडियाडवाला ने यूट्यूब के साथ इस मामले को बहुत गंभीरता से उठाया । उन्होंने वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म को सूचित किया कि यो यो हनी सिंह ने लिखित में दिया है कि वह गाने के एकमात्र अधिकार धारक हैं । यूट्यूब को एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया जिसमें उन्हें टीज़र को फिर से लगाने के लिए कहा गया ।”

सूत्र ने आगे कहा, “नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की टीम ने एक मजबूत रुख अपनाया । यो यो हनी सिंह का ऑथोराइजेशन लैटर एक महत्वपूर्ण सबूत साबित हुआ । परिणामस्वरूप, YouTube ने स्ट्राइक वापस ले ली । इस तरह से टीज़र अब आज यानी 20 मई से प्लेटफ़ॉर्म पर वापस आ गया है ।”

हाउसफुल 5 में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, जैकलीन फर्नांडीज, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चंकी पांडे, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, डिनो मोरिया, चित्रांगदा सिंह, रंजीत, सौंदर्या शर्मा और निकितिन धीर जैसे सितारे हैं। इसे दोस्ताना (2008) फेम तरुण मनसुखानी ने निर्देशित किया है और यह बकरीद पर 6 जून, 2025 को रिलीज़ होगी।