सलमान खान अभिनीत बजरंगी भाईजान के निर्देशक कबीर खान ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने अपनी बॉलीवुड जर्नी, अफ़गानिस्तान में अपनी फ़िल्म काबुल एक्सप्रेस का शूटिंग एक्सपीरियंस जैसे कई मुद्दों पर खुलकर बात की । इसी दौरान कबीर खान ने मुगलों को लेकर भी अपनी राय रखी । कबीर खान ने कहा कि मुगल ही देश के असली राष्ट्र निर्माता में से एक थे । कबीर खान ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए बयान दिया कि उन्हें मुगलों को बदनाम करने वाली फिल्में देखना ‘समस्याग्रस्त और परेशान करने वाला’ लगता है । उनके मुताबिक ऐसा ‘सिर्फ पॉपुलर नैरेटिव के साथ जाने के लिए’ किया जाता है और ये फिल्में ‘ऐतिहासिक साक्ष्य’ पर आधारित नहीं हैं ।

कबीर खान ने मुगलों को बताया देश के असली राष्ट्र निर्माता में से एक
इंटरव्यू के दौरान कबीर खान ने कहा कि, “मुझे यह बेहद समस्याग्रस्त और परेशान करने वाला लगता है और जो वास्तव में मुझे तंग करता है वह यह है कि यह सिर्फ पॉपुलर नैरेटिव के साथ जाने के लिए किया जा रहा है । मैं समझ सकता हूँ कि जब एक फिल्ममेकर रिसर्च करता है तो फिल्ममेकर एक प्वाइंट बनाता है । जाहिर तौर पर सबका अलग नजरिया हो सकता है । अगर आप मुगलों को बदनाम करना चाहते हैं, कृपया करके उसे रिसर्च आधारित रखें और बताएँ कि क्यों; वे खलनायक क्यों थे जो आपको ऐसा लगता है । क्योंकि अगर आप कुछ रिसर्च करते हैं और इतिहास पढ़ते हैं, तो ये बहुत मुश्किल है कि आप उन्हें खलनायक बनाएँ । मुझे लगता है कि वे मूल राष्ट्र निर्माता में से एक थे और ये लिखने और कहने के लिए कि उन्होंने हत्या की…बताएँ कि आप किस आधार पर कह रहे हैं ।”
कबीर खान ने आगे कहा, “आज के समय में सबसे आसान चीज मुगलों को और अन्य मुस्लिम शासकों को बदनाम करना है । उन्हें बने बनाए स्टीरियोटाइप्स में फिट करने की कोशिश बेहद चिंताजनक है। दुर्भाग्य से मैं उन फिल्मों का सम्मान नहीं कर सकता । यह मेरी निजी राय है । मैं बड़े दर्शकों के लिए ऐसा नहीं बोल सकता लेकिन मैं निश्चित तौर पर ऐसे चित्रण को देख तंग हो जाता हूँ ।”
















