सलमान खान और रश्मिका मंदाना की सिकंदर ईद से ठीक एक दिन पहले 30 मार्च रविवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है । फ़िल्म के अब तक रिलीज हुए गानों ने पहले ही फ़िल्म के लिए माहौल सेट कर दिया है और अब सभी को फ़िल्म के ट्रेलर और फिर इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतज़ार है । साजिद नाडियाडवाला की नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस सिकंदर के टीज़र ने जहाँ फ़ैंस की प्रत्याशा बढ़ाई वहीं, कुछ लोगों ने टीज़र के आखिरी डिस्क्लेमर में टिप्स फिल्म्स का लोगो देख हैरानी जताई । लेकिन कंफ्यूज होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बॉलीवुड हंगामा ने इसके पीछे की सच्चाई का पता लगा लिया है ।

सिकंदर को सपोर्ट करने साथ आए पेन मरुधर और टिप्स
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “सिकंदर का डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर द्वारा किया जा रहा है और टिप्स फिल्म्स अब सह-वितरक के रूप में शामिल हुआ है । वे इस बहुप्रतीक्षित ईद फिल्म की रिलीज़ में पेन मरुधर को सपोर्ट करेंगे ।”
संपर्क किए जाने पर, टिप्स के निर्माता कुमार तौरानी ने बॉलीवुड हंगामा से इस बात को कन्फर्म किया कि, “हां, यह सच है। हम पेन के प्रमुख श्री जयंतीभाई गडा और श्री संजय चट्टर को सपोर्ट कर रहे हैं और हम संयुक्त रूप से सिकंदर को रिलीज़ करेंगे ।”
कुमार तौरानी ने यह भी खुलासा किया कि यह पहली बार नहीं है कि वे डिस्ट्रीब्यूशन में हाथ आजमा रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया, “पहली फिल्म जिसे हमने डिस्ट्रिब्यूट किया था वह क्या कहना (2000) थी । फिर बाद में, हमने राज (2002), द लीजेंड ऑफ भगत सिंह (2002), रेस (2008), अजब प्रेम की गजब कहानी (2009) आदि जैसी अपनी फिल्में भी रिलीज़ कीं ।”
पेन मरुधर और टिप्स का पुराना नाता है। हाल ही में बनी फिल्मों जैसे मेरी क्रिसमस (2024) और इश्क विश्क रिबाउंड (2024) का डिस्ट्रीब्यूशन किया । जयंतीलाल गडा की PEN इंडिया लिमिटेड ने टिप्स फिल्म्स एंटरटेनमेंट (2014) का सह-निर्माण भी किया, जिसमें अक्षय कुमार, तमन्ना भाटिया और सोनू सूद ने अभिनय किया। इस बीच, पेन मरुधर ने हाल ही में नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की सत्यप्रेम की कथा (2023), चंदू चैंपियन (2024) और येक नंबर (2024) जैसी रिलीज़ भी वितरित कीं।
इस बीच, अब सबकी नज़रें सिकंदर के प्रमोशन के अगले दौर पर टिकी हैं। बॉलीवुड हंगामा ने 18 मार्च को एक्सक्लूसिव तौर पर बताया था कि फिल्म 30 मार्च रविवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । और फिर इसके बाद मेकर्स ने ऑफिशियली सिकंदर की रिलीज डेट अनाउंस की । कहा जा रहा है कि ट्रेलर आने वाले वीकेंड में आने की उम्मीद है। साथ ही, एडवांस बुकिंग भी उसी समय शुरू हो सकती है ।
















