अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्टरूम ड्रामा जॉली एलएलबी 3 इस शुक्रवार, 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है । जॉली एलएलबी (2013) और जॉली एलएलबी 2 (2017) के बाद अब दर्शकों को जॉली एलएलबी 3 से काफ़ी उम्मीदें है । वहीं मेकर्स ने भी दर्शकों के मनोरंजन के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी है । और इसी बीच फिल्म के मेकर्स ने जॉली एलएलबी 3 की रिलीज के लिए सेंसर प्रक्रिया भी काफी पहले ही पूरी कर ली । बॉलीवुड हंगामा के पास जॉली एलएलबी 3 के सेंसर प्रक्रिया में होने वाली कट लिस्ट है जिसमें ये साफ़ हो जाएगा कि फ़िल्म की रिलीज के लिए क्या-क्या बदलाव करने पड़े ।

EXCLUSIVE: 19 सितंबर को रिलीज हो रही अक्षय कुमार-अरशद वारसी की जॉली एलएलबी 3 में CBFC ने करवाए ये बदलाव ; 2 घंटे 37 मिनट लंबी फ़िल्म को मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट

अक्षय कुमार की जॉली एलएलबी 3 में CBFC ने किए ये बदलाव

फिल्म के मेकर्स ने काफी पहले ही सेंसर प्रक्रिया पूरी कर ली थी। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने कुछ छोटे-छोटे बदलावों की मांग की, जो कहानी की मूल धारा को प्रभावित नहीं करते और उनमे शामिल है-  पुराने डिस्क्लेमर को हटाकर नया डिस्क्लेमर जोड़ा गया, जहां-जहां शराब के ब्रांड नज़र आए, उन्हें ब्लर किया गया, फिल्म की शुरुआत में काल्पनिक जगह और वर्ष का उल्लेख जोड़ा गया,अपशब्द ‘f**r’ को फिल्म से हटा दिया गया,पुलिसकर्मियों द्वारा एक बुज़ुर्ग पर हमले वाले सीन को संशोधित किया गया, एक डायलॉग को बदलकर ‘इमरजेंसी क्लॉज़’ कर दिया गया, साथ ही उसी सीन में दिखाए गए लोगो को भी बदला गया, सीता (सीमा बिस्वास) द्वारा उठाई गई फाइल पर बने लोगो को ब्लर किया गया। इसके अलावा सेकेंड हाफ़ में एक डायलॉग को बदलकर किया गया – “जानकी अम्मा का गांव सिर्फ़ एक...चेक मुंह पर फेंक के मारा”।

इन संशोधनों के बाद फिल्म को 2 सितंबर को U/A 16+ सर्टिफिकेट दे दिया गया। सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार, फिल्म की कुल लंबाई 157.16 मिनट है। यानी 2 घंटे 37 मिनट 16 सेकंड।

अक्षय कुमार और अरशद वारसी के अलावा फिल्म में सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, अमृता राव, सीमा बिस्वास और गजराज राव भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे। इसका निर्देशन सुभाष कपूर ने किया है, जिन्होंने जॉली एलएलबी (2013) और जॉली एलएलबी 2 (2017) भी बनाई थी । जॉली एलएलबी 3 एक बड़े मनोरंजन और दिलचस्प कोर्टरूम ड्रामा की गारंटी देती नज़र आ रही है।