26 साल बाद सनी देओल की कल्ट क्लासिक फ़िल्म बॉर्डर (1997) का सीक्वल बनाया जा रहा है, बॉर्डर 2 जिसका अनाउंसमेंट ख़ुद सनी ने भी कर दिया है । इसी साल जून में सनी देओल ने बॉर्डर 2 का अनाउंसमेंट करते हुए इसे ‘भारत की सबसे बड़ी वॉर फ़िल्म’ बताया । बॉर्डर 2 को जे पी दत्ता, बेटी निधि दत्ता और उनके पति बिनॉय के गांधी मिलकर प्रोड्यूस करेंगे । बिनॉय गांधी, जिसकी डायरेक्टोरियल डेब्यू फ़िल्म घुड़चढ़ी 9 अगस्त को रिलीज़ होने वाली है, ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा से बॉर्डर 2 के बारे में एक्सक्लूसिव बात की साथ ही कुछ दिलचस्प जानकारी शेयर की ।

बॉर्डर 2 की स्टार कास्ट जल्द होगी अनाउंस
बिनॉय के गांधी ने उत्साहपूर्वक बताया, “हम सभी बॉर्डर देखते हुए बड़े हुए हैं और हम सभी फिल्म देखने के बाद सेना का हिस्सा बनना चाहते थे ! बॉर्डर 2 बहुत अच्छी तरह से बन रही है । मेरी पत्नी निधि दत्ता ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है । इसे पढ़ने के बाद मेरी पहली प्रतिक्रिया थी ‘वाह, आपके पिता ने एक बेहतरीन पटकथा लिखी है ।’ फिर उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने इसे लिखा है । मैंने विश्वास करने से इनकार कर दिया (हंसते हुए)। फिर, उनके सहायक लेखक ने कन्फर्म किया कि निधि ने वास्तव में बॉर्डर 2 की स्क्रिप्ट लिखी है । यह मेरे लिए सबसे गर्व के क्षणों में से एक था । हालाँकि ओरिजनल बॉर्डर की बराबरी करना मुश्किल है । एक ऐसी लड़की (निधि दत्ता) जो हर जुलाई में डिज्नीलैंड जाना चाहती है एक दिन अचानक बॉर्डर के लिए एक परफ़ेक्ट स्क्रिप्ट लिखा देती है (हंसते हुए)! इस तरह से सीक्वल की जर्नी शुरू हुई । अब तक, यह बहुत अच्छा चल रहा है। हम नवंबर में शूटिंग की योजना बना रहे हैं ।”
सनी देओल के अलावा बॉर्डर 2 की बाकी कास्ट के लिए आयुष्मान खुराना से लेकर दिलजीत दोसांझ तक कई नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं । लेकिन बिनॉय के गांधी ने इन खबरों पर कोई टिप्पणी नहीं की । हालांकि, उन्होंने खुलासा किया, “स्टार कास्ट की घोषणा जल्द ही की जाएगी । एक महीने के भीतर, हम एक बड़ा इवेंट आयोजित करने जा रहे हैं, जहाँ हम पूरी स्टार कास्ट को उनके किरदारों और उनके गेटअप के साथ दिखाने जा रहे हैं ।”
बॉर्डर 2 का निर्देशन केसरी (2019) फेम अनुराग सिंह करने वाले हैं । यह फिल्म 2026 के गणतंत्र दिवस सप्ताहांत के दौरान रिलीज करने की प्लानिंग है ।
















