अरशद वारसी, जो इन दिनों अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी फ़िल्म जॉली एलएलबी के तीसरे पार्ट, जॉली एलएलबी 3 की रिलीज के लिए तैयार हैं, शाहरुख खान के साथ उनकी फ़िल्म किंग में अहम रोल में नजर आने वाले हैं । ऐसा पहली बार होगा जब अरशद वारसी शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे । अब एक और दिलचस्प खबर सामने आई है कि अरशद ने शाहरुख से पहले उनके बेटे आर्यन खान के साथ काम किया है । बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली पता चला है कि, अरशद वारसी आर्यन खान की पहली वेब सीरीज़ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में नजर आने वाले हैं ।

द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में अरशद वारसी
इस बारें में सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “अरशद वारसी, आर्यन खान की पहली वेब सीरीज़ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड का हिस्सा हैं। उनका किरदार बेहद अहम है। ये कैमियो या छोटी झलक नहीं है, बल्कि एक अहम रोल है जो कहानी में एक नया मोड़ लेकर आएगा और जिसे अभी तक सीक्रेट रखा गया था।”
सूत्र ने आगे कहा, “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड सिर्फ आर्यन खान के डेब्यू या उसके चर्चित प्रोमो की वजह से ही नहीं, बल्कि कई सरप्राइज और स्पेशल अपीयरेंस की वजह से भी बेसब्री से इंतज़ार की जा रही है। कुछ नाम सामने आ चुके हैं, लेकिन अब भी कई एक्टर्स के रोल छुपाए गए हैं। अरशद उन्हीं में से एक हैं। मेकर्स चाहते हैं कि दर्शकों को शो देखने के दौरान ही ये एक्साइटिंग सरप्राइज मिले ।”
इस वेब सीरीज़ में लक्ष्य, बॉबी देओल, सहर बंबा, अन्या सिंह, राघव जुयाल, मोना सिंह, विजयंत कोहली, मनीष चौधरी, रजत बेदी और गौतमी कपूर जैसे कलाकार नज़र आएंगे । वहीं कैमियो अपीयरेंस में शाहरुख़ खान, सलमान खान, आमिर खान, एस.एस. राजामौली, दिशा पाटनी, करण जौहर, बादशाह आदि शामिल बताए जा रहे हैं। हाल ही में तमन्ना भाटिया का एक स्पेशल डांस नंबर भी लॉन्च किया गया।
दिलचस्प बात यह है कि अरशद वारसी के लिए यह हफ़्ता बेहद खास रहने वाला है। जहाँ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड नेटफ्लिक्स पर 18 सितंबर को स्ट्रीम होगी, वहीं उनकी कोर्टरूम ड्रामा फ़िल्म जॉली एलएलबी 3 अक्षय कुमार के साथ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
















