90 के दशक में रामानंद सागर के क्लासिक टेलीविजन सीरियल रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल आज भी लोगों के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं जितने पहले थे । 30 साल से अधिक समय बाद भी अरुण गोविल की लोकप्रियता कम नहीं हुई है । और इसलिए अब वह एक बार फिर भगवान के अवतार में नज़र आने वाले हैं । फिल्म निर्माता आदित्य ओम की आगामी हिंदी फिल्म संत तुकाराम में अरुण गोविल भगवान विट्ठल की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । वहीं मराठी अभिनेता सुबोध भावे, संत तुकाराम की मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे ।

भगवान विट्ठल की भूमिका निभाने वाले हैं अरुण गोविल
फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए, अरुण गोविल ने बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली बताया, “यह बेसिकली एक स्पेशल अपीरियंस है । निर्देशक चाहते थे कि मैं यह भूमिका निभाऊं । बहुत से लोग मुझे धार्मिक फिल्मों में भगवान के रोल ऑफर करते हैं लेकिन मैं उन्हें करने के लिए कभी राज़ी नहीं होता । लेकिन अब मैं एक ऐसा रोल करने जा रहा हूँ वो भी संत तुकाराम के कारण । पूरे महाराष्ट्र में उनका सम्मान किया जाता है । वह भक्ति के प्रति समर्पित थे और एक समाज सुधारक भी थे । साथ ही, मुझे पहली बार भगवान विट्ठल की भूमिका निभाने का मौका मिला है ।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मैं इस फ़िल्म में भगवान की कॉस्ट्यूम में नज़र नहीं आऊँगा । बल्कि मैं एक सामान्य इंसान की भूमिका निभा रहा हूं जो संत तुकाराम के जीवन में आता है ।”
अरुण गोविल ने आगे कहा, “एक सामान्य इंसान का किरदार निभाने के लिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं होती । यह सिर्फ इतना है कि यह अहसास होना चाहिए कि भले ही वह एक सामान्य इंसान की तरह दिखते हैं, लेकिन वह उससे कहीं ज्यादा हैं ।”
संत तुकाराम के निर्देशक आदित्य ओम को हाल के वर्षों में प्रशंसित हिंदी फिल्म मास्साब के निर्देशन के लिए जाना जाता है । गोविल ने उनके बारे में बोलते हुए कहा, “वह बहुत अच्छे निर्देशक और बहुत अच्छे इंसान हैं । वह काफी खुशमिजाज़ हैं । सेट पर उनके साथ काम करना बहुत सहज था ।”
गोविल ने कई मौकों पर कहा है कि रामायण में भगवान राम के रूप में उनकी भूमिका के कारण, लोग 30 साल बाद भी जब उनसे मिलते हैं तो सम्मान के साथ उनके पैर छूते हैं । उन्होंने कहा, “अब यह और भी अधिक हो गया है । अगर मैं कहीं यात्रा करता हूं, तो मेरे साथ एयरपोर्ट और फ़्लाइट में कुल मिलाकर लगभग 100 तस्वीरें खींची जाती है । और मैं किसी को फोटो के लिए मना नहीं करता । लोग आपको बहुत सम्मान देते हैं । आप जीवन से और क्या चाहते हैं ?”
इसके अलावा अरुण गोविल जल्द ही अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी के साथ बहुप्रतीक्षित फ़िल्म OMG 2 में भी नज़र आयेंगे ।
















