साल 2013 में आई सैफ़ अली खान, कुणाल खेमू और वीर दास की जॉम्बी फ़िल्म गो गोवा गॉन का सीक्वल कन्फ़र्म हो गया है । मेकर्स ने आज गो गोवा गॉन 2, का ऑफ़िशियल अनाउंसमेंट करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'जॉम कॉम फिल्म के सीक्वल के लिए तैयार हो जाएं' । इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड और मैडॉक फिल्म्स एक बार फ़िर गो गोवा गॉन 2 के लिए साथ आए है । यह फ़िल्म मार्च 2021 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

गो गोवा गॉन 2 का हुआ ऑफ़िशियल ऐलान
इस फ़िल्म की स्क्रिप्ट और कहानी पर काम शुरू हो गया है । ज़ॉम-कॉम जॉनर वाली इस फिल्म में कलाकारों की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है । लेकिन सीक्वल पहले से भी बेहतर होने की उम्मीद है ।
मैडॉक फिल्म्स के संस्थापक दिनेश विजान ने कहा कि, '2013 से यह एक यात्रा की तरह है और हम वापस आ गए हैं इस क्रेजी राइड के साथ । गो गोवा गॉन ने कई चीजों को परिभाषित किया और हम एक बार फिर ऐसा करने के लिए तैयार हैं । इस दौरान जितने भी चरित्र हमारे साथ रहे हम उन्हें वापस ला रहे हैं ।' उन्होंने बताया कि वे फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर रहे हैं और सितंबर 2020 से शुरुआत करेंगे ।
वहीं, इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड के सुनील लुल्ला ने कहा कि 'गो गोवा गोन बेहद खास फिल्म है, जिसे याद किया जाता है । इस फिल्म ने कल्ट का दर्जा प्राप्त कर लिया है जो इसे एक महान फ्रेंचाइज बनाएगा ।'
















