देवा के बाद शाहिद कपूर अब विशाल भारद्वाज की फ़िल्म में लीड रोल में नजर आने वाले हैं । शाहिद कपूर इस फ़िल्म में विशाल के साथ 8 साल बाद वापसी कर रहे हैं । हाल ही में शाहिद ने इस फ़िल्म की शूटिंग पूरी की जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी । और अब इस फ़िल्म को लेकर लेटेस्ट अपडेट ये है कि शाहिद कपूर की इस फ़िल्म में दिशा पाटनी भी स्पेशल रोल में दिखाई देने वाली हैं ।

शाहिद कपूर की फ़िल्म में दिशा पाटनी
डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने दिशा पाटनी के लिए शाहिद कपूर के अपोज़िट एक खास कैमियो रोल लिखा है । दिशा पाटनी की एंट्री कंफ़र्म करते हुए विशाल भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “शानदार एक्ट्रेस दिशा पाटनी को शाहिद कपूर के साथ स्पेशल रोल में देखने के लिए बेहद उत्साहित हूं।”
हालांकि दिशा पाटनी के किरदार को लेकर ज्यादा डिटेल्स सामने नहीं आई हैं । लेकिन कहा जा रहा है कि दिशा का रोल काफ़ी स्पेशल होने वाला है । इस फ़िल्म में शाहिद के अपोजिट तृप्ति डिमरी फ़िल्म लीड में नज़र आने वाली हैं ।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिशा आखिरी बार फिल्म कल्कि 2898 एडी में नजर आईं थी । इसके अलावा भारतीय सिनेमा से परे, दिशा अपने करियर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत कदम रख रही हैं। वह जल्द ही ऑस्कर विजेता निर्देशक केविन स्पेसी की हॉलीवुड फ़िल्म Holiguards से डेब्यू करने जा रही हैं, जो उनकी ग्लोबल अपील को और मज़बूत बनाएगा।
बता दें कि शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज ने साथ में कई बेहतरीन फिल्में दी हैं, जिनमें कमीने और हैदर के अलावा कंगना रनौत-सैफ अली खान स्टारर रंगून भी शामिल है। आने वाली फिल्म दोनों के कोलैबरेशन की चौथी फिल्म है ।
















