भले ही साल 2022 फ़िल्मों के लिहाज से अक्षय कुमार के लिए उतना अच्छा साबित न हुआ हो जितनी उन्होंने उम्मीद की थी, लेकिन इस बात से वह ज़रा भी हताश नहीं हुए हैं । अक्षय कुमार साल 2023 में एक नए जोश और जुनून के साथ आने वाले हैं और वो भी एक नहीं बल्कि चार से पाँच फ़िल्मों में । साल 2023 में रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों में से एक है उनकी फ़िल्म सेल्फ़ी, जिसमें उनके साथ इमरान हाशमी भी लीड रोल में नज़र आएंगे । अक्षय की बैक-टू- बैक फ़्लॉप फ़िल्मों को देख खबरें आने लगीं थी अक्षय की अगली फ़िल्म सेल्फ़ी अब सिनेमाघरों में रिलीज़ न होकर डायरेक्ट ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज़ होगी । तो फ़ाइनली अब अक्षय कुमार ने सेल्फ़ी की रिलीज़ पर फैली अफ़वाहों का खंडन किया है और फ़िल्म की थीएट्रिकल रिलीज़ डेट भी अनाउंस की है । 
अक्षय कुमार ने अनाउंस की सेल्फ़ी की रिलीज़ डेट
अक्षय ने न केवल सेल्फ़ी की रिलीज़ डेट अनाउंस की बल्कि फ़िल्म के नाए गाने से अपना लुक भी शेयर किया । अक्षय ने बताया की वह सेल्फ़ी के गाने की शूटिंग करने वाले हैं । अक्षय ने सेल्फ़ी से अपने लुक को शेयर कर लिखा, “आज के लिए मेरा मंत्र - गर्मी, नमी और फॉक्स फर... सब चलेगा, बस काम कर, काम #Selfiee के लिए मस्त नए गाने की शूटिंग । फिल्म 24 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।”
शेयर की फोटो में देखा जा सकता है कि ओपन रूफ़ कार में अक्षय ने रंग-बिरंगे फर वाला ओवरकोट कैरी किया है । गॉगल लगाए कार पर बैठे अक्षय का डैशिंग लुक उनके फ़ैंस को काफ़ी पसंद आ रहा है ।
सेल्फ़ी साल 2023 में रिलीज़ होने वाली अक्षय की पहली फ़िल्म है । यह फ़िल्म सुपरहिट मलयालम फिल्म ड्राइविंग लाइसेंस का रीमेक है जिसमें अक्षय और इमरान हाशमी के साथ डायना पेंटी और नुसरत भरूचा लीड रोल में नजर आएंगी । यह एक कॉमेडी ड्रामा फ़िल्म है जिसका निर्देशन गुड न्यूज फेम निर्देशक राज मेहता करेंगे । बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी एक सुपरस्टार के आसपास घूमती है जो अपने ड्राइविंग स्किल के लिए फेमस है लेकिन अपना लाइसेंस खो देता है । फिल्म सेल्फी का निर्देशन राज मेहता कर रहे है और यह (स्वर्गीय)अरुणा भाटिया, हिरू यश जौहर, सुप्रिया मेनन, करण जौहर, पृथ्वीराज सुकुमारन, अपूर्व मेहता और लिस्टिन स्टीफन द्वारा निर्मित है ।
सेल्फ़ी के अलावा 2023 में अक्षय की रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों में शामिल हैं ओह माय गॉड 2, बड़े मियां छोटे मियां और साउथ की एक फिल्म का हिंदी रीमेक । इसके अलावा अक्षय मराठी फ़िल्म में कैमियो भी करते हुए नज़र आएंगे ।
















