
साल 2013 में आई कमांडो के बॉक्सऑफ़िस पर जबरदस्त प्रदर्शन के बाद फ़िल्म के निर्माता विपुल शान ने इस फ़िल्म की दूसरी किश्त को लाने का फ़ैसला किया जिसमें पहले से भी ज्यादा खतरनाक स्टटं देखने को मिलेंगे । हालांकि कमांडो 2 के ट्रेलर में पहले ही फ़िल्म के हीरो विद्युत जामवाल के माचो अवतार की झलक देखने को मिल गई है । हमने सुना है कि फ़िल्म को शूटिंग के दौरान कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा था । आपको बता दें कि फ़िल्म के मेकर्स इस फ़िल्म को बड़े पैमाने पर स्विट्जरलैंड में शूट करना चाहते थे लेकिन उन्हें कथित तौर पर ऐसा करने से मना कर दिया गया ।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कमांडो 2 फ़िल्म, काले धन को उजागर करने और इसके स्विस बैंक के कनेक्शन के बारें में है, इसलिए फ़िल्म की टीम इस फ़िल्म को बड़े पैमाने पर स्विट्जरलैंड में शूट करना चाहते थे । जबकि हमने सुना है कि फ़िल्म की टीम और कास्ट को इस फ़िल्म के विषय के चलते स्विट्जरलैंड में शूटिंग करने की अनुमति नहीं दी गई । खबरों की मानें तो यह फ़िल्म काले धन को वापस भारत लाने के इर्द गिर्द घूमती है । सिवस सरकार को लगा कि यह फ़िल्म उनके देश की छवि को खराब करेगी और काले धन के लिए लोगों को प्रेरित करेगी ।
विद्युत जामवाल के अलावा कमांडो 2 में अदा शर्मा ईशा गुप्ता और फ्रेडी दारूवाला मुख्य भूमिका निभाती हुईं नजर आएंगी । देवेन भोजानी द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















