अभी ज्यादा दिन नहीं हुए जब हमने आपको बताया था कि, रेस 3 ईद के दौरान पाकिस्तान में रिलीज नहीं होगी । पाकिस्तान में सलमान खान की जबरदस्त फ़ैन फ़ोलोइंग होने के बावजूद भी रेस 3 को दुनियाभर में रिलीज होने के दो हफ़्ते बाद रिलीज किया जाएगा । और क्योंकि रणबीर कपूर की संज़ू भी इसी वीकेंड रिलीज हो रही है इसलिए संजू और रेस 3 का टकराव होना निश्चित है । लेकिन अब इस बारें में लेटेस्ट ऐलान ये है कि अब रेस 3 पाकिस्तान में अपनी तय डेट से एक सप्ताह पहले रिलीज होगी ।

सलमान खान की रेस 3 के आगे पाकिस्तान ने भी घुटने टेके, पाक अब नहीं कराएगा रणबीर कपूर की संजू से मुकाबला

अब सलमान खान की रेस 3 पाकिस्तान में एक हफ़्ते बाद होगी रिलीज

ऐसा लगता है पाकिस्तानी सरकार ने ईद के दौरान भारतीय फ़िल्मों की रिलीज पर कुछ नरमी बरतने का फ़ैसला किया है । पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ईद के दौरान भारतीय फिल्मों के प्रदर्शन पर लगे प्रतिबंध की अवधि घटाकर इसे एक सप्ताह करने का फैसला किया है ।

बता दें कि पहले पाकिस्तानी सरकार की तरफ़ से घोषणा हुई थी कि, किसी भी छुट्टी या ईद के दौरान पाकिस्तान में कोई भी भारतीय फ़िल्म रिलीज नहीं की जाएगी । ऐसा फ़ैसला इसलिए लिया गया ताकि पाकिस्तानी फ़िल्मों को पहले तरजीह मिले । बता दें कि 15 जून को ईद के दौरान पाकिस्तान में माहिरा खान की 7 दिन मोहब्बत और जावेद शे्ख की वजूद रिलीज हो रही है ।

वहीं दूसरी तरफ़, कुछ वितरकों ने इस फैसले पर असंतोष व्यक्त किया था क्योंकि फ़ेस्टिव सीजन ही फ़िल्मों की कमाई का सबसे अच्छा समय होता है । और इसके अलावा पाकिस्तान में सलमान की जबरदस्त फ़ैन फ़ोलोइंग को मद्देनजर रखते हुए इन वितरकों ने प्रतिबंध के फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था क्योंकि उनके इस फ़ैसले से उन्हें काफ़ी नुकसान उठाना पड़ सकता है ।

मंत्रालय ने सोमवार को पहले के फैसले को पलटते हुए नई अधिसूचना जारी की कि भारतीय फिल्मों के प्रदर्शन पर ईद से पहले दो दिन और छुट्टियों के बाद एक सप्ताह ही प्रतिबंध रहेगा । पहले के प्रतिबंध में ईद से पहले दो दिन और ईद के बाद दो सप्ताह की रोक थी ।

रेस 3 और संजू का अब नहीं होगा कोई मुकाबला

मंत्रालय ने कहा कि उसने स्थानीय फिल्मों के प्रचार के लिए यह फैसला किया । पाकिस्तान के ‘सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन’ (सीबीएफसी) के अध्यक्ष दानयाल गिलानी के मुताबिक, स्थानीय फिल्म उद्योग एवं प्रदर्शन सुविधाओं की अहमियत को देखते हुए सरकार ने यह फैसला किया है कि ईद (दोनों ईद -उल-फितर और ईद -उल-अजहा) के दिन से शुरू होकर कुल एक सप्ताह की अवधि के लिए भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा ।

इस तरह पाकिस्तान में सलमान की रेस 3 और रणबीर की संजू के बीच अब कुछ टकराव नहीं होगा और दोनों की रिलीज का रास्ता भी पूरी तरह साफ़ हो गया ।

यह भी पढ़ें : सलमान खान की रेस 3 को पाकिस्तान के इस फ़ैसले से लग सकता है बड़ा झटका

गौरतलब है कि, रेस 3 पूरी दुनियाभर में 15 जून को रिलीज हो रही है । लेकिन वहीं पाकिस्तान में ये फ़िल्म ईद के दौरान नहीं बल्कि उसके करीब दो हफ़्ते बाद यानी 22 जून को रिलीज की जाएगी । जबकि बहुप्रतिक्षित फ़िल्म संजू पूरी दुनियाभर में पाकिस्तान सहित 29 जून को रिलीज हो रही है ।