इस स्वतंत्रता दिवस,15 अगस्त को बॉलीवुड का ज़बरदस्त टकराव देखने को मिलेगा क्योंकि, इस दौरान बॉक्स ऑफिस पर एक नहीं बल्कि तीन बड़ी फ़िल्में रिलीज हो रही हैं- स्त्री 2, वेदा और खेल खेल में । हालाँकि तीनों ही फ़िल्मों की शैली अलग-अलग है फिर भी इंडस्ट्री में इन तीनों फ़िल्मों के टकराव को लेकर बहुत चर्चा है । अब जबकि स्त्री 2, वेदा और खेल खेल में, तीनों ही फ़िल्म 15 अगस्त को रिलीज़ हो रही है ऐसे में फ़िल्म का बज, प्रमोशन सब टॉप पर रहना चाहिए । जहां स्त्री 2 का ट्रेलर पहले ही लोगों के बीच बज क्रिएट कर चुका है वहीं अब सभी को वेदा और खेल खेल में, के ट्रेलर को देखने की उत्सुकता है । इसलिए अब वेदा के मेकर्स ने जॉन अब्राहम स्टारर वेदा के ट्रेलर को रिलीज करने की पूरी तैयारी कर ली है । हमें पता चला है कि, जॉन अब्राहम-शरवरी की फिल्म का ट्रेलर सोमवार, 29 जुलाई तक रिलीज हो जाएगा ।

जॉन अब्राहम की वेदा का ट्रेलर रिलीज के लिए तैयार
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “फ़िल्म की टीम कुछ खास तौर-तरीकों पर काम कर रही है । फ़िलहाल ट्रेलर रिलीज़ की तारीख़ 29 जुलाई तय की गई है । ट्रेलर लॉन्च के लिए मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम की योजना बनाई जा रही है । कुछ दिनों के भीतर अंतिम फ़ैसला लिया जाएगा जिसके बाद मीडिया को निमंत्रण भेजे जाएँगे ।”
ट्रेलर लॉन्च पर फिल्म के मुख्य कलाकार - जॉन अब्राहम और शरवरी - निर्देशक निखिल आडवाणी और अन्य के साथ मौजूद रहेंगे । यह एक साल से अधिक समय में पहली बार होगा जब जॉन मीडिया से बातचीत करेंगे । इससे पहले जॉन अपने पठान को-स्टार शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के साथ पठान की सक्सेस मीट में शामिल हुए थे ।
वेदा को ज़ी स्टूडियोज, एम्मे एंटरटेनमेंट और जेए एंटरटेनमेंट द्वारा समर्थित किया गया है। टीज़र 19 मार्च को रिलीज़ किया गया था । इससे पहले, फिल्म 12 जुलाई को रिलीज़ होने वाली थी । लेकिन फिर डेट को आगे बढ़ाकर 15 अगस्त कर दिया गया था । 22 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर, निर्माताओं द्वारा एक नया पोस्टर जारी किया गया था । इसमें बड़े, मोटे अक्षरों में रिलीज़ की तारीख का उल्लेख किया गया था और यह स्पष्ट कर दिया था कि एक्शन एंटरटेनर इस स्वतंत्रता दिवस पर आने के लिए पूरी तरह तैयार है ।
बता दें कि, 23 जुलाई को खेल खेल में के निर्माताओं ने अपनी फ़िल्म का मोशन पोस्टर का अनावरण किया और अब वे गुरुवार, 25 जुलाई को फिल्म के कलाकार 'हौली हौली' गाना रिलीज करेंगे ।
















