फ़ाइनली शाहरुख खान कई महीनों बाद एक बार फ़िर शूट पर लौट आए हैं । शाहरुख ने आज से अपनी कमबैक एक्शन थ्रिलर फ़िल्म पठान की शूटिंग शुरू कर दी है । साल 2018 में जीरो की असफ़लता के बाद कुछ समय के लिए ब्रेक पर गए शाहरुख खान अपने करियर को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे इसलिए उन्हें ऐसी स्क्रिप्ट की तलाश थी जो उन्हें हिट फ़िल्म दिलाए । इसलिए शाहरुख ने तकरीबन 20 स्क्रिप्ट को शॉर्टलिस्ट किया था जिसमें से उन्होंने यशराज फ़िल्म्स की पठान को अपनी कमबैक फ़िल्म के लिए चुना । सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही पठान में शाहरुक खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे ।

BREAKING: शाहरुख खान ने आज से शुरू की अपनी एक्शन पैक्ड फ़िल्म पठान की शूटिंग, अभिनेता के एक्शन अवतार को देखने के लिए उत्साहित टीम

शाहरुख खान ने यशराज स्टूडियो में पठान की शूटिंग शुरू की

खबरों की मानें तो शाहरुख की एक्शन पैक्ड पठान की शूटिंग आज से शुरू हो गई है । इस बारें में फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि, “शाहरुख ने आज से मुंबई स्थित यशराज स्टूडियो में पठान की शूटिंग शुरू कर दी है । फ़िल्म की पूरी टीम शाहरुख को एक्शन अवतार में देखने के लिए बहुत उत्साहित है । शाहरुख ने भी अपने किरदार के लिए बहुत मेहनत की और वह भी अपनी फ़िल्म और उसकी शूटिंग के लिए बहुत उत्साहित हैं ।”

साल 2018 के बाद ऐसा पहली बार है जब शाहरुख फ़िल्म के लीड हीरो के रूप में शूटिंग कर रहे हैं । इसलिए यह अपने आप में ऐतिहासिक है लेकिन यशराज ने इस पल को सार्वजनिक नहीं करने का फ़ैसला किया है । “यशराज ने अभी तक शाहरुख की कमबैक फ़िल्म पठान का ऑफ़िशियल ऐलान भी नहीं किया है ।” सूत्र ने बताया ।

पठान में दीपिका पादुकोण किंगखान के अपोजिट नजर आएंगी वहीं जॉन अब्राहम विलेन के रूप में दिखाई देंगे । जहां शाहरुख ने पठान की शूटिंग शुरू कर दी है वहीं दीपिका और जॉन साल 2021 की शुरूआत से अपने हिस्से की शूटिंग शुरू करेंगे ।

पठान का एक और हाई प्वाइंट ये है कि इस फ़िल्म में सलमान खान कैमियो करते हुए नजर आएंगे । शाहरुख की पठान में सलमान खान अपनी टाइगर फ़्रैंचाइजी के टाइगर किरदार में ही स्पेशल रोल निभाते हुए नजर आएंगे ।