भारत की ऐतिहासिक 1983 विश्व कप जीत के इर्द-गिर्द घूमती रणवीर सिंह स्टारर ’83 जैसे-जैसे अपनी रिलीज के करीब आ रही है फ़िल्म के लिए उत्साह बढ़ता ही जा रहा है । इस फ़िल्म में रणवीर सिंह क्रिकेटर कपिल देव की भूमिका में नजर आएंगे । महामारी के कारण पिछले डेढ़ साल से फ़िल्म की रिलीज का इंतजार हो रहा था ऐसे में मेकर्स भी फ़िल्म को बड़े पैमाने पर थिएटर में रिलीज करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं । ’83 न के्वल 2डी में बल्कि 3डी में भी रिलीज होगी ।

64dcb2f7-5245-4721-bf1b-a273199c638e

रणवीर सिंह स्टारर ’83

लेकिन बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि फ़िल्म के रिलीज फ़ॉर्मेट में कुछ बदलाव हुआ है । करीबी सूत्र ने हमें बताया, "मेकर्स पहले फ़िल्म को आईमैक्स वर्जन पर भी रिलीज करना चाहते थे । उन्हें लगता है, और जो सही भी है कि यह फ़िल्म लार्जर देन लाइफ़ स्पोर्ट्स ड्रामा फ़िल्म है । इसलिए इसकी रिलीज भी बड़े पैमाने पर होनी चाहिए । इसलिए मेकर्स इसे आईमैक्स वर्जन पर रिलीज करना चाह रहे थे और यही एक वजह थी कि फ़िल्म को 2डी से 3डी में कंवर्ट किया गया था ।”

लेकिन अफ़सोस की बात ये है कि अब यह ऐसा नहीं होगा । जब हमने सूत्र से पूछा कि आखिर मेकर्स ने अपना फ़ैसला क्यों बदला, इस पर सूत्र ने बताया, “जब निर्माताओं ने उत्तरी अमेरिका में आईमैक्स के अधिकारियों से उनकी मंजूरी के लिए संपर्क किया, तो उन्होंने उनके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया । ऐसा इसलिए है क्योंकि ’83 बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फ्लिक, स्पाइडर-मैन: नो वे होम की रिलीज़ के एक हफ्ते बाद 24 दिसंबर, 2021 को रिलीज़ हो रही है । और इतना ही नहीं< प्रशंसित द मैट्रिक्स सीरीज़ का चौथा भाग, द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स, 22 दिसंबर को दुनिया भर में रिलीज़ किया जाएगा । ये दोनों फ़िल्में IMAX वर्जन में रिलीज़ होंगी । IMAX मेनेजमेंट एक ही समय में कई सारी फ़िल्मों को IMAX वर्जन में रिलीज करने के पक्ष में नहीं है । इसलिए उन्होंने '83' के मेकर्स को मंजूरी देने से इंकार कर दिया था ।”

इस बारें में ट्रेड एक्सपर्ट का कहना है कि ''यदि 83 IMAX वर्जन में रिलीज होती तो इसे विशेष रूप से 3D IMAX वर्जन में देखना बहुत अच्छा होता । लेकिन इसके बावजूद भी फ़िल्म ने अपने विषय के चलते काफ़ी सुर्खियां बटोर ली हैं । और इसके अच्छे बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है । यकीनन इसका 3डी वर्जन इसकी कमाई को बढ़ाएगा ।”

बता दें कि जनवरी 2022 में आईमैक्स वर्जन में दो भारतीय फिल्में रिलीज होंगी एक तो - एस एस राजामौली की पीरियड ड्रामा फ़िल्म RRR और दूसरी अक्षय कुमार की पृथ्वीराज । जहां यशराज फ़िल्म्स की पृथ्वीराज 2डी वर्जन में रिलीज होगी वहीं RRR 3D और 3D IMAX में भी रिलीज़ होगी ।

’83 फिल्म का निर्माण दीपिका पादुकोण, कबीर खान, विष्णु वर्धन इंदुरी, साजिद नाडियाडवाला, फैंटम फिल्म्स, रिलायंस एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है । रणवीर के अलावा फ़िल्म में ताहिर राज भसीन, जीवा, साकिब सलीम, जतिन सरना, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, निशांत दहिया, हार्डी संधू, साहिल खट्टर, अम्मी विर्क, आदिनाथ कोठारे, धैर्य करवा, आर बद्री और पंकज त्रिपाठी भी फ़िल्म में नज़र आएंगे । दीपिका पादुकोण इस फ़िल्म में कपिल देव की पत्नी रोमी का किरदार निभाती नजर आएंगी ।