जब से कंगना रनौत ने करण जौहर के टॉक शो कॉफ़ी विद करण के सीज़न 5 में नेपोटिज्म का ज़िक्र किया तब से यह शब्द हर किसी की ज़ुबान पर चढ़ गया है । साथ ही बॉलीवुड में भी सही-ग़लत कारणों से लोकप्रिय हो गया है । और अब दिलचस्प बात ये है कि, करण जौहर अपना एक नया डिजीटल शो लेकर आ रहे हैं जिसका नाम है, शोटाइम जो बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद यानी नेपोटिज्म पर आधारित है । करण का शोटाइम डिज्नी+हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा ।

करण जौहर का शोटाइम
काजोल की आने वाली वेब सीरीज द ट्रायल के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर गौरव बनर्जी, हेड- कंटेंट, डिज्नी+ हॉटस्टार और एचएसएम एंटरटेनमेंट नेटवर्क, डिज्नी स्टार ने यह जानकारी साझा की । गौरव बनर्जी और काजोल के अलावा, इस कार्यक्रम में सुपर्ण वर्मा, शीबा चड्ढा, जिशु सेनगुप्ता, कुब्रा सैत, गौरव पांडे, आमिर अली, असीम हट्टंगड़ी और दीपक धर (संस्थापक और सीईओ, बनिजय एशिया) भी शामिल हुए ।
गौरव बनर्जी ने आगे कहा, “हमारे पास बहुत कुछ है जो अविश्वसनीय रूप से रोमांचक है। सबसे पहले, द नाइट मैनेजर का निष्कर्ष है । फिर काजोल के बेस्टी करण जौहर कॉफी विद करण के नए सीजन के साथ वापसी करने जा रहे हैं । वह जल्द ही इसकी शूटिंग करेंगे । वह हमारे लिए एक और दिलचस्प शो शोटाइम बना रहे हैं, जो बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद यानी नेपोटिज्म के बारे में है । वह इसके बारे में कुछ जानते है, मुझे लगता है (हंसते हुए)!”
शोटाइम की घोषणा पिछले साल सितंबर में हुई थी । उस समय, करण जौहर ने आधिकारिक बयान में कहा था कि यह शो “भारत के मनोरंजन उद्योग के सबसे बड़े व्यापार रहस्यों से पर्दा उठाएगा ।” करण ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “बॉलीवुड सपनों की धरती है, ऐसे सपने जो खुली आंखों से देखे जाते हैं । शोटाइम एक ड्रामा सीरीज है जिसमें पावर के लिए पर्दे के पीछे चलने वाले झगड़ों को दिखाया जाएगा । यहां केवल सम्राट सिंहासन पर बैठता है-लेकिन बिना लड़ाई के कैसा ताज ? इसलिए लाइट्स..कैमरा और एक्शन । इमरान हाशमी शो टाइम में लीड रोल में नजर आएंगे ।”
















