
बलात्कार के अपराध में दोषी साबित हुए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है । यह फ़ैसला आज सीबीआई न्यायाधीश जगदीप सिंह ने रोहतक की सुनारीया जेल में लिया, जहां इस केस की सुनवाई हुई । सीबीआई के वकील ने गुरमीत के लिए अधिकतम सजा की मांगी थी और उनके लिए उम्रकैद की मांग की थी । लेकिन उनके वकील ने तर्क दिया कि गुरमीत राम रहीम सिंह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं जिन्होंने लोगों के कल्याण के लिए बहुत कुछ किया है । सुनवाई के दौरान राम रहीम के आंसू निकल आए, वह खूब रोए और रोते हुए राम रहीम ने जज से माफी भी मांगी साथ ही भारत सरकार के 'स्वच्छ भारत अभियान' में अपनी भूमिका को याद दिलाया ।
2002 में गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था । पंचकूला में सीबीआई की विशेष अदालत में शुक्रवार 25 अगस्त को उन्हें इस अपराध का दोषी पाया गया था । और अब इस अपराध पर फ़ैसला आ गया है; जिसकी वजह से गुरमीत राम रहीम सिंह के अनुयायी क्रोधित हो गए हैं और आक्रोश में आकर सरकारी संपत्ति को नष्ट कर रहे हैं जिसकी वजह से आम लोग और यहां तक की पत्रकार घायल हो रहे हैं । गुस्से से भड़के लोगों ने कई समाचार चैनलों के ओबी वैन को आग के हवाले कर दिया ।
गुरमीत राम रहीम सिंह इंसान का बॉलीवुड कनेक्शन भी है । बाबा ने अभी तक एमएसजी सीरिज की कुल पांच फ़िल्मों में अभिनय किया है ।
















