
विवादों से गहरा नाता रखने वाली बॉलीवुड की ड्रामा क्विन राखी सावंत, अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं । यह तो स्पष्ट था कि अपने बड़बोलेपन से राखी सावंत कभी न कभी पुलिस के हत्थे जरूर चढ़ेंगी । एक बार फिर से राखी सांवत गलत कारणों की वजह से ही चर्चा में आ गई हैं । प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, दिवगंत प्रत्युषा बनर्जी, , इंद्राणी मुखर्जी और अन्य लोगों के बारें में कुछ न कुछ टिप्पणी करने के बाद इस बार राखी सावंत का महर्षि वाल्मिकी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करना भारी पड़ गया और इस बाबत उन पर गिरफ़्तारी के बादल मंडरा रहे हैं ।
दरअसल, लुधियाना की एक अदालत ने महर्षि वाल्मिकी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिपपणी करने के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है । पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया गया है कि राखी ने पिछले वर्ष एक निजी टीवी चैनल पर कार्यक्रम के दौरान महर्षि वाल्मिकी के खिलाफ टिप्पणी करके वाल्मिकी समुदाय की भावनाओं को आहत किया है ।
एफ़ आई आर के आधार पर 9 मार्च को गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ । शिकायत करने वाले का कहना है, ऐसा करके अभिनेत्री ने महर्षि के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है । पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, लुधियाना पुलिस का दो सदस्यीय दल गिरफ्तारी वारंट के साथ मुंबई रवाना हो गया है । अदालत की ओर से बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद राखी नौ मार्च को हुई मामले की सुनवाई में पेश नहीं हुई थीं । अब, लुधियाना पुलिस की एक दो सदस्यीय टीम पहले ही गिरफ्तारी वारंट के साथ मुंबई के लिए रवाना हो चुकी है । खबरों के अनुसार, इस मामले की मामले की अगली सुनवाई की तारीख 10 अप्रैल तय की गई है ।
















