अक्षय कुमार की ओह माय गॉड 2 यानि OMG 2 की सेंसर प्रोसेस को लेकर बॉलीवुड हंगामा शुरुआत से ही सबसे पहले अपने रीडर्स को अपडेट करता आया है । और हमेशा की तरह एक बार फिर हमारे पास OMG 2 के सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर लेटेस्ट खबर है । कुछ दिन पहले हमने बताया था कि, अक्षय कुमार की ओह माय गॉड 2 धार्मिक मुद्दों से संबंधित है इसलिए सीबीएफसी आदिपुरुष के बाद से ऐसी फिल्मों को लेकर अत्यधिक सतर्क हो गया है । OMG 2 को रिलीज के लिए ग्रीन सिग्नल देने से पहले सीबीएफसी की रिवाइजिंग कमेटी (RC) ने फ़िल्म को देखा । और अब हमें पता चला है कि, सेंसर बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी (RC) ने फ़िल्म में कई बदलाव करने की सलाह दी है ।

अक्षय कुमार की OMG 2 के लिए सेंसर बोर्ड ने सुझाए कई बदलाव
बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, रिवाइजिंग कमेटी ने फ़िल्म में कुछ बदलाव करने की सलाह दी है जिसके लिए मेकर्स तैयार नहीं है । क़रीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “रिवाइजिंग कमेटी ने कुल मिलाकर 20 कट लगाने के लिए कहा है । इनमें विज़ुअल और ऑडियो दोनों शामिल हैं । इसके अलावा, रिवाइजिंग कमेटी ने मेकर्स को फ़िल्म के लिए एडल्ट सर्टिफिकेट देने का ऑप्शन भी दिया है ।”
सूत्र ने आगे कहा, “हालांकि, मेकर्स फ़िल्म में बताए गए बदलावों को करने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि उन्हें लगता है कि, इससे फ़िल्म का सार ही ख़त्म हो जाएगा । इतना ही नहीं मेकर्स को ‘ए’ सर्टिफिकेट भी मंजूर नहीं है । क्योंकि, उन्हें लगता है कि यौन शिक्षा के विषय को हर उम्र के लोगों को देखना चाहिए । इसके अलावा, पहला भाग, ओह माय गॉड (2012), बच्चों के बीच बहुत लोकप्रिय है । इसलिए मेकर्स को लगता है कि, बच्चों के अनुकूल फ्रेंचाइजी की फिल्म के लिए वयस्क प्रमाणपत्र लेना सही नहीं है ।”
सूत्र ने अंत में कहा, “मेकर्स और रिवाइजिंग कमेटी दोनों पक्षों के बीच अभी तक कोई फ़ैसला नहीं हुआ है । यह देखना बाकी है कि क्या वे आम सहमति तक पहुंच पाते हैं और क्या यह समय से पहले संभव हो पाएगा ताकि ओह माई गॉड 2, अगले महीने 11 अगस्त को अपनी तय रिलीज़ डेट पर रिलीज़ हो पाए ।”
अक्षय, पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम के अलावा फ़िल्म में अरुण गोविल भगवान राम का किरदार निभाएंगे । अमित राय के निर्देशन में बनी और विपुल, अश्विन वर्दे, अरुण भाटिया और राजेश बहल द्वारा प्रोड्यूस OMG 2 सिनेमाघरों में 11 अगस्त को रिलीज हो रही है । इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर गदर 2 के साथ महामुक़ाबला होगा ।
















